झज्जर। कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए जिले में लगे लॉकडाउन के आदेशों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें जिले में मुस्तैदी से तैनात हैं। टीमों की तरफ से लॉक डाउन के नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 10 लोगों को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया है। वहीं बिना मास्क वाले 216 लोगों के चालान भी काटे गए हैं।
बता दें कि पुलिस की तरफ से जिले के ग्रामीण क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई हैं। पुलिस की टीमें, पीसीआर व राइडर गश्त कर रही हैं। वहीं जिले में लगाए गए करीब 55 नाकों पर वाहनों की जांच भी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल के दिशा निर्देश अनुसार जिले के विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस की विभिन्न टीमों की ओर से कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। बिना मास्क लगाए बेवजह घर से बाहर निकलने व लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे जा रहे हें और उन्हें गिरफ्तार भी किया जा रहा है।
लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर महिला पुलिस थाना झज्जर की एक टीम ने एक आरोपी सोनू निवासी कच्चा बाबरा रोड झज्जर को, महिला थाना बहादुरगढ़ की एक टीम ने लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए एक आरोपी ओमप्रकाश निवासी नेताजी नगर को परनाला रोड बहादुरगढ़ से काबू किया है। थाना आसौदा की एक टीम ने थाना क्षेत्र से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मनोज निवासी गांव नुनामाजरा को लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी एम्स बाढ़सा की एक टीम ने एक आरोपी मक्खन निवासी गांव बाढ़सा को, थाना सदर बहादुरगढ़ की एक टीम ने आरोपी श्यामलाल निवासी गांव कानोन्दा को नियमों का उल्लंघन करते हुए उसके गांव कानोन्दा से काबू किया है। वहीं थाना सेक्टर 06 बहादुरगढ़ की एक टीम ने एक आरोपी फूल कुमार निवासी जटवाड़ा मोहल्ला बहादुरगढ़ को सेक्टर 07 बहादुरगढ़ से, वहीं थाना दुजाना की एक टीम ने एक आरोपी सोमपाल निवासी बिरधाना को नियमों का उल्लंघन करते उसके गांव बिरधाना से गिरफ्तार किया है। इसी प्रकार से थाना सदर झज्जर की अलग-अलग टीमों ने अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को नियमों का उल्लंघन करते काबू किया गया। पकड़े गए तीनों आरोपियों धर्मेंद्र निवासी गांव सुर्खपुर, अनिल निवासी गांव उखलचना कोट व सोनू निवासी गांव खेड़का गुर्जर को काबू किया गया।
राजेश दुग्गल, एसपी, झज्जर ने बताया कि कोरोना काल में लगाए गए लॉकडाउन के दौरान किसी भी व्यक्ति को नियमों की अवहेलना नहीं करने दी जाएगी। पुलिस की टीमें हर क्षेत्र में निगरानी रख रही हैं।