एसओजी बहादुरगढ़ के प्रांगण में एक करोड़ रुपये से ज्यादा के नशीले पदार्थों के साथ शनिवार को गिरफ्तार किए गए एएसआई सबीश कुमार को अदालत ने दो दिन तक पूछताछ के लिए पुलिस को सौंप दिया है। सबीश कुमार के खिलाफ शहर थाने में मामला दर्ज किया गया है। रविवार को पुलिस टीम ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रोहतक जिले के गांव लाखन माजरा सबीश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे पुलिस विभाग से तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बता दें कि शनिवार को डीएसपी धीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामार टीम ने एसओजी के प्रांगण में एएसआई सबीश कुमार को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था। एसएचओ विष्णु प्रसाद के अनुसार, वह अपने बक्से को लेकर अपने नए पोस्टिंग स्थल डीघल पुलिस चौकी के लिए बैरक से बाहर निकल रहा था। चेक करने पर बक्से से एक पॉलीथिन मिला, जिसमें सफेद पाउडर नुमा नशीला पदार्थ हेरोइन पाया गया।
वजन करने पर 662 ग्राम पाया गया। बक्से से एक प्लास्टिक की डिब्बी भी मिली, जिसे खोलकर चेक किया गया तो डिब्बी के अंदर भी सफेद रंग का नशीला पदार्थ हेरोइन मिला, जिसका वजन 110 ग्राम पाया गया। उसी बक्से से एक कांच की शीशी भी मिली, जिसे चेक किया गया तो उसमें चार ग्राम हेरोइन मिली। इस प्रकार बक्से में कुल 776 ग्राम नशीला पदार्थ हेरोइन मिला। बॉक्स से ही एक थैली में काले रंग का नशीला पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसका वजन 80 ग्राम पाया गया।
विष्णु प्रसाद ने बताया कि सबीश कुमार के बॉक्स से बरामद नशीले पदार्थों की बाजार में कीमत करोड़ों रुपये हैं। अवैध रूप से अपने कब्जे में नशीले पदार्थ रखकर सबीश कुमार ने गंभीर अपराध किया है, जिस पर मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच होगी और यदि कोई अन्य भी शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रोहतक जिले के गांव लाखन माजरा सबीश कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे पुलिस विभाग से तुरंत निलंबित कर दिया गया है।