दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने औद्योगिक कनेक्शनों पर लगा प्रतिबंध हटा लिया है। इस बारे में सभी सर्कल महाप्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सबस्टेशन की ओर से सहमति मिलते ही यह कनेक्शन दिए जाएंगे। आवेदन के 30 दिन के तय समय में कनेक्शन जारी होंगे।
दक्षिण हरियाणा में पिछले पांच साल में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयों की ओर से बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया है, जिसमें गुड़गांव, फरीदाबाद, रेवाड़ी, धारूहेड़ा, मानेसर, सोनीपत और बावल में सबसे अधिक आवेदन मिले हैं।
इन्फ्रास्ट्रक्चर अधिक मजबूत न होने के कारण औद्योगिक इकाइयों को कनेक्शन जारी करने पर प्रतिबंध था। घरेलू, कृषि व व्यावसायिक उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन दिए जा रहे थे।
बिजली निगम की ओर से पिछले एक साल से सब स्टेशनों में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा था, जिसमें 33, 66, 110, 220 केवी क्षमता के सबस्टेशनों की क्षमता को बढ़ाया गया है, जिसके बाद सब स्टेशनों में दोगुनी क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं।
इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने के बाद बिजली निगम की ओर से औद्योगिक इकाइयों के कनेक्शन पर लगाया गया प्रतिबंध हटा लिया गया है। बिजली निगम की ओर से 21 नवंबर को जारी किए गए आदेश में औद्योगिक इकाइयों को कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऐसे आवेदनों पर संबंधित सबस्टेशन की सहमति के बाद कनेक्शन दे दिया जाएगा। सब स्टेशन की ओर से सहमति मिलने पर 30 दिन के अंदर कनेक्शन जारी होंगे। बिजली निगम के निदेशक विजय चौधरी ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों को इस फैसले से सीधे तौर पर फायदा होगा।