सीडी प्रकरण में कांग्रेस के विधायकों की न्यायिक जांच की मांग को लेकर इनेलो की जिला इकाई ने शहर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय के बाहर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका।
प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल से हुड्डा सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
मंगलवार को इनेलो के ग्रामीण इकाई के जिला प्रधान सतीश नांदल के नेतृत्व में कार्यकर्ता भिवानी स्टैंड पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे।
लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सतीश नांदल ने कहा कि इनेलो के विधायक दल द्वारा 6 सितंबर को कांग्रेस के कई विधायकों द्वारा सीएलयू व अन्य काम करवाने बारे करोड़ों रुपये की घूस मांगने की सीडी राज्यपाल को प्रस्तुत की थी। इसके बाद विधानसभा में स्पीकर को सीडी पेश की गई।
मुख्यमंत्री के कान पर जूं तक नही रेंगी व स्पीकर ने हुड्डा की कठपुतली बनकर असंवैधनिक तरीके से इनेलो विधायक दल को पूरे सेशन के लिए निलंबित कर दिया।
नांदल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भूमि अधिगृहण की धाराओं का दुरुपयोग करते हुए 22 हजार एकड़ के सीएलयू की जारी की है। इसमें करीब 22 हजार करोड़ रुपये के घोटालों की संभावना है।
प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय के बाहर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल से मांग की कि हुड्डा सरकार को तुरंत बर्खास्त करके राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए व इस सीडी कांड की सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज से न्यायिक जांच करवाई जाए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करने वालों में शहरी इकाई के प्रधान राजीव खुराना, पूर्व विधायक बलवंत मायना, पूर्व प्रधान बलवान सुहाग, पूर्व चैयरमैन इंद्र सिंह ढुल, बलराम मकडौली, उमेश, देवी, कृष्ण कौशिक शामिल रहे।