सेक्टर-14 में एक युवक की उसके दोस्त के घर पर नुकीले हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक युवक का दोस्त दोपहर को जब घर पहुंचा तो उसने उसे मृत अवस्था में पाकर तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
दरअसल मुलतानी चौक निवासी मृतक मोहित वधवा बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपने एक दोस्त के साथ सेक्टर-14 निवासी अपने दोस्त माधव व केशव के किराये के घर पर पहुंचा। उस दौरान केशव और माधव शाहपुर स्थित एक स्कूल में अपनी नौकरी पर चले गए। इसके बाद जब दोपहर करीब 2 बजे वह स्कूल से लौटे तो मोहित वधवा का शव अपने कमरे में देखकर दंग रह गए। इसके बाद तुरंत उन्होंने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचित किया।
अंकुश ने केशव से कहा था, हमें कुछ काम है तुम काम पर चले जाओ
बुधला संत मंदिर के पंडित संतोष ने बताया कि माधव व केशव उसके रिश्ते में पोते हैं। पंडित संतोष के अनुसार केशव और माधव ने उन्हें बताया कि केशव और माधव को उसके दोस्त अंकुश ने सुबह फोन किया और कुछ देर बाद वह मोहित के साथ बाइक पर सवार होकर दोपहर करीब 12 बजे उनसे मिलने पहुंचे। उस दौरान केशव और माधव को अंकुश ने कहा था कि उन्हें कोई काम है, वह यहीं रुकेंगे आप दोनों नौकरी पर चले जाएं। पंडित संतोष ने बताया कि अंकुश के कहने पर केशव व माधव अपनी नौकरी पर चले गए थे। दोपहर करीब 2 बजे जब वह लौटे तो मोहित की बाइक घर के बाहर थी और मोहित कमरे में खून से लथपथ पड़ा था।
सिर और छाती पर थे कई वार
पुलिस के अनुसार मृतक मोहित वधवा के सिर पर नुकीले हथियार से वार के निशान थे और छाती पर सुए से गोदने के निशान थे। पुलिस को केशव और माधव ने बताया कि मोहित व अंकुश अक्सर उनसे मुलाकात करने आते थे। पुलिस के अनुसार युवक के शव को देखकर ऐसा लग रहा था कि हत्या कई घंटे पूर्व हुई हो।
कुछ देर पूर्व मिलकर आया था दोस्तों से
मौके पर पहुंचे मोहित के अन्य दोस्तों ने बताया कि वह दोपहर करीब पौने 12 बजे उनसे मुलतानी चौक पर मिला था। मौके पर मौजूद राजगुरु मार्केट ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान अक्षय मलिक ने बताया कि उसके मुलतानी चौक स्थित फाइनेंस कार्यालय में मोहित सुबह करीब साढ़े 11 बजे आया था और कहा था कि वह आज इंटरव्यू पर जा रहा है। अक्षय के अनुसार कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि मोहित की हत्या हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके पर जाकर वारदात स्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें एक युवक मोहित के साथ आता हुआ दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस मामले में अंकुश पर शक जता रही है, लेकिन अभी परिजनों के बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।