फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होटल में युवक की मौत मामला : महिला की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन, शव लेने से किया इन्कार, एसपी के आश्वासन के बाद माने

विज्ञापन
प्रदीप। 
विज्ञापन
हिसार। ऋषि नगर स्थित एक होटल में हुई युवक की मौत मामले में वीरवार को दो सदस्यीय चिकित्सक बोर्ड ने जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया और सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए। वहीं पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से इन्कार कर दिया। परिजनों का कहना था कि पहले आरोपी महिला को गिरफ्तार किया जाए। हालांकि पुलिस अधीक्षक शंशाक कुमार सावन के आश्वासन के बाद परिजन शव लेने को तैयार हो गए। परिजनों की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। महिला पर युवक को जहर का इंजेक्शन देने का आरोप लगाया गया है।
विज्ञापन

कालीरावण निवासी विरेंद्र ने पुलिस को बताया कि मेरे चाचा का लड़का प्रदीप (32) अग्रोहा की अग्रसेन मार्केट में ताज किड्स वियर के नाम से गारमेंट्स की दुकान चलाता था। उसकी तीन बेटियां हैं, जिनकी उम्र 8, 5 व एक साल है। 11 फरवरी को प्रदीप व प्रतिभा हिसार के ऋषि नगर स्थित रिलैक्स होटल में आए। दोनों ने होटल का रूम नंबर 203 किराये पर लिया। मुझे सूचना मिली कि प्रदीप की मौत हो गई है। फिर मैं अपने परिजनों के साथ होटल में आया। यहां प्रदीप कमरा नंबर 203 में मृत अवस्था में पड़ा था और प्रतिभा वहां पर नहीं थी। प्रतिभा ने प्रदीप को कोई जहरीला पदार्थ या इंजेक्शन देकर उसकी हत्या की है। उसके हाथ पर इंजेक्शन का निशान भी है।
-
डीएसपी श्रद्धा मौके पर पहुंची
पोस्टमार्टम के बाद जब पुलिस परिजनों को शव सौंपने लगी तो उन्होंने शव लेने से मना कर दिया और वो पहले आरोपी महिला प्रतिभा की गिरफ्तारी और सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग पर अड़ गए। संबंधित थाना पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि वे जल्द ही प्रतिभा को गिरफ्तार कर लेंगे लेकिन वे नहीं माने। इस पर डीएसपी श्रद्धा सिंह मौके पर पहुंची और उन्होंने परिजनों से बातचीत की। मगर डीएसपी के साथ भी उनकी वार्ता सफल नहीं रही। इसके बाद परिजन पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन से मिलने पहुंचे। पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद परिजन शव उठाने को तैयार हो गए। फिर वो नागरिक अस्पताल से शव लेकर गांव के लिए रवाना हो गए।
विज्ञापन

-
जहर की पुष्टि के लिए सैंपल जांच को भेजे
दो सदस्यीय चिकित्सक बोर्ड की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम किया गया। चूंकि परिजनों ने जहर देकर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया गया है तो जहर की पुष्टि के लिए विसरा व दिल के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं।

यह है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार कालीरावण निवासी प्रदीप महिला मित्र प्रतिभा के साथ बुधवार दोपहर बाद 3 बजकर 50 मिनट पर ऋषि नगर के रिलैक्स होटल में आया था। यहां उसने एक कमरा बुक करवाया और वह महिला के साथ कमरे में चला गया। शाम 5 बजकर 02 मिनट पर महिला कमरे से बाहर निकली और होटल से चली गई, जबकि प्रदीप कमरे में ही था। प्रदीप का मोबाइल होटल के काउंटर पर चार्जिंग में लगा हुआ था, जिस पर बार-बार कॉल आ रही थी। इस पर होटल कर्मचारी मोबाइल लेकर प्रदीप के कमरे में गया, जहां प्रदीप मृत पड़ा था। उधर विरेंद्र ने बताया कि प्रतिभा ने अपने पति से तलाक के लिए केस दायर किया हुआ है और वह करीब एक साल से पति से अलग रही है। उसने एक साजिश के तहत प्रदीप को जहर का इंजेक्शन देकर मारा है।
-
गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन
सिटी थाना से एसआई जांच अधिकारी संजीत सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया और सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें