बालसमंद। हिसार सदर थाना क्षेत्र के गांव गोरछी में रामशरण (37) का शव उसके घर के बरामदे में कुंडे से रस्सी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर बालसमंद चौकी पुलिस और एसपीओ राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम व एसओसी प्रभारी डॉ. पूनम कटियाल को भी मौके पर बुलाया।
मृतक की बहन कमला ने पुलिस को दिए बयान में रामशरण की पत्नी गीता, उसके भाई वकील और घुड़साल निवासी भगवान दास पर मारपीट और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। कमला ने बताया कि रामशरण की गीता से अक्सर घरेलू विवाद रहता था। आरोप है कि गीता कई बार उससे झगड़ा करने के बाद बिना बताए घर से चली जाती थी। परिवार ने कई बार दोनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
कमला के अनुसार 9 सितंबर को गीता, उसका भाई वकील और भगवान दास ने रामशरण को बुलाया था। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान था। घटना की सूचना मिलने पर कमला अपनी ससुराल से मायके गोरछी पहुंची तो रामशरण का शव बरामदे में लटका मिला।
कमला ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। जांच अधिकारी जसवंत ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे।