हांसी। ढाणी देपल रोड पर सोमवार रात लूट की नीयत से एक युवक की गला काटकर हत्या कर दी गई। घायल होने के बाद युवक मदद के लिए रोड किनारे चल रहा था। इसी दौरान आई एक कार के आगे गिर पड़ा। उसके गले से खून बहता देख चालक ने अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की मंगलवार शाम तक शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो पता चला कि दो व्यक्ति मृतक से बाइक और मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे हैं। मंगलवार को फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान नहर की पटरी से रोड तक खून के निशान मिले। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि गला काटे जाने के बाद व्यक्ति पैदल चलकर रोड पर मदद के लिए पहुंचा। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक ढाणी देपल रोड पर रात करीब 12:15 बजे एक कार चालक ने देखा कि एक युवक गले पर हाथ रखे पैदल ही रोड किनारे चलते हुए उनकी कार के आगे आकर गिर पड़ा। उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से अग्रोहा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिस जगह पर युवक मिला था, उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की तो देखा कि दो व्यक्ति उसकी बाइक व मोबाइल छीनकर भाग रहे हैं। पुलिस ने नगर परिषद के पूर्व चेयरपर्सन प्रतिनिधि विनोद सैनी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। सिटी थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उसकी फोटो व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी की जुबानी: प्रत्यक्षदर्शी ढाणा कुतुबपुर निवासी जोनी गुर्जर ने बताया कि वह सोमवार रात कार में भांजे को छोड़ने के लिए देपल गया था। वापसी के दौरान देपल रोड पर नहर के पास पहुंचा तो फैक्टरी के पास एक व्यक्ति कार के आगे आकर गिर पड़ा। उसके गले से खून निकल रहा था। डायल 112 पर एंबुलेंस के लिए फोन किया। एंबुलेंस में आने में देरी हुई तो उसे कार में नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा। रास्ते में उसने एक व्यक्ति का नंबर देकर फोन करने के लिए कहा, लेकिन वह फोन मिला नहीं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। नागरिक अस्पताल में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।