पुलिस को दिए बयान में भाटोल गांव निवासी अनीता ने बताया कि उसका भाई रोहित बचपन से ही हिसार में रहता था। करीब दो साल पहले वह अपने परिवार के साथ मध्यप्रदेश के जबलपुर के गांव छतरपुर में रहने लगा था। 5-7 दिन पहले काम की तलाश में हिसार आया था। मंगलवार रात उसका फोन बंद था, जिस कारण उससे संपर्क नहीं हो पाया। बुधवार सुबह मामी पुष्पा ने फोन कर सूचना दी कि मॉडल टाउन में मोबाइल फूड वैन से करंट लगने से रोहित की मौत हो गई। वह घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि उसका भाई वैन के पास मृत पड़ा था। पास में दो कुत्तों के शव भी पड़े थे।
घटना स्थल पर एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिख रहा है कि रोहित रात 12:15 बजे वैन के पास रखे पानी के टब से नहाता है। इसके बाद 12:30 बजे वह दुकान से मोबाइल वैन की तरफ जाता है। वैन को छूते ही उसे करंट लगता है और वह जमीन पर गिर जाता है। जमीन पर पानी में वह गिरा हुआ है। कुछ देर बाद उठने का प्रयास करता है, लेकिन उठ नहीं पाता। फिर उठता है और उसके बाद दोबारा से वैन से टकराकर जमीन पर गिर जाता है। कुछ देर बाद उसकी मौत हो जाती है।
घटना स्थल के पास में रहने वाली महिला पुष्पा ने बताया कि सुबह साढ़े पांच बजे वह घर से बाहर आई तो देखा कि एक युवक मोबाइल वैन के पास मृत हालत में पड़ा है। वहां से बाइक सवार और पैदल लोग गुजर रहे हैं, लेकिन उसको किसी ने नहीं संभाला। यह देखकर उसने पुलिस को सूचना दी। बाद में पता चला कि करंट लगने से युवक की मौत हो गई।
आसपास के दुकानदारों ने बताया कि रोहित तीन दिन पहले ही काला चिकन कॉर्नर पर काम लगा था। दुकान के सामने पार्क में चारपाई पर सोता था। दुकानदारों ने बताया कि वह नशा करने का आदी था। रात को नशे में होने के कारण वह करंट लगने के बाद उठ नहीं पाया और उसकी मौत हो गई।
अधिकारी के अनुसार
मृतक की बहन अनीता के बयान पर गाड़ी चालक गोविंद नगर वासी काली के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। - एएसआई जगदीश कुमार, जांच अधिकारी, अर्बन एस्टेट पुलिस थाना।
नियमों के अनुसार किसी भी गाड़ी में कंपनी की अनुमति के बिना किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता। कुछ लोगों ने कॉमर्शियल वाहनों को फूड वैन बनाया हुआ है। इसमें गैस सिलिंडर, बैटरी, बिजली के उपकरणों का उपयोग भी करते हैं। ऐसा करना पूरी तरह से गैर कानूनी है। इसके बावजूद जिम्मेदार अनजान हैं। शहर में जगह-जगह ऐसी मोबाइल फूड वैन नजर आती है। इनमें रखे उपकरणों को अवैध तरीके से चार्ज किया जाता है। इससे कभी भी हादसा हो सकता है। यह घटना रात में हुई, और किसी समय होती तो राहगीरों की ज्यादा आवाजाही के कारण इससे भी बड़ा हादसा हो सकता था।