पुरानी सब्जी मंडी पुल के पास दो बदमाशों ने दुकान के अंदर घुसकर युवक पर14 बार चाकुओं से गोद कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। युवक पर चाकुओं से हमले का पूरा घटनाक्रम दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया।
हमलावरों ने युवक को गोली मारने के लिए पिस्टल भी चलाई लेकिन पिस्टल नहीं चली। सब्जी मंडी चौक के पास किराना की दुकान चलाने वाले हिमांशु ने बताया कि शनिवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे खाना खाने दुकान से घर गया था। उस समय मेरे पिता दुकान संभाल रहे थे। दुकान पर काम करने वाला लड़का रानू सैनी दुकान के बाहर बिस्कुट खा रहा था। इस दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए युवकों ने रानू सैनी पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने 14 बार चाकू से हमला किया। हमलावरों में एक युवक के पास पिस्टल थी। उसने पिस्टल से रानू सैनी को गोली भी मारने की कोशिश की, लेकिन पिस्टल लोड नहीं हुई। हमलावरों के जाने के बाद युवक घायल हालत में बाहर आया। रानू को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं। अभी आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की बाइक की पहचान का प्रयास कर रही है। पुलिस को सब्जी मंडी पुल के पास से गुजर रहे ई-रिक्शा चालक मनीष ने बताया कि चार युवक बाइक पर आए थे। युवक को चाकू मारकर चले गए। मैं रानू को जानता हूं। हत्यारे गोली मारने के इरादे से आए थे, पिस्टल नहीं चली तो चाकू मारकर हत्या की।