(मनोज कौशिक) पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई लड़की ज्योति लंबे समय तक राष्ट्रीय जांच एजेंसी की नजर में नहीं आई लेकिन एक X यूजर ने उसे पकड़ लिया था।
साल 2024 का है X पोस्ट
एक साल पहले मई 2024 में, एक एक्स यूजर कपिल जैन ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को टैग करते हुए ज्योति की गतिविधियों पर संदेह जताया था। उन्होंने लिखा था की 'एनआईए, कृपया इस महिला पर करीबी नजर रखें। वह पहले पाकिस्तानी दूतावास के कार्यक्रम में गई, फिर 10 दिनों के लिए पाकिस्तान गई और अब कश्मीर जा रही हैं। इन सबके पीछे कुछ लिंक हो सकता है। X पर किया गया पोस्ट अब वायरल हो रहा है। इस पोस्ट के बाद कई लोग सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता पर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस कस्टडी में ज्योति
जासूसी के आरोप में पकड़ी गई हरियाणा के हिसार की ज्योति मल्होत्रा को लेकर अब तरह-तरह के खुलासे हो रहे हैं। कोर्ट ने शनिवार को उसे पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा और माना जा रहा था कि पूछताछ में कई तरह के खुलासे होंगे। इस कड़ी में अब एक नई बात सामने आ रही है। एसपी हिसार शशांक कुमार सावन ने बताया कि पाकिस्तान उसे एक एसेट की तरह विकसित कर रहा था। इसके अलावा ज्योति प्रायोजित यात्राओं पर पाकिस्तान जाती थी। वह पहलगाम हमले से पहले पाकिस्तान में थी। पूछताछ में पता चला है कि उसके साथ कुछ और लोग भी शामिल थे, जिसके बारे में पता किया जा रहा है।