गांव मिर्चपुर के शहीद भगत सिंह कुश्ती एवं कबड्डी अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
अकादमी के संचालक अजय पहलवान ने बताया कि दूसरे दिन हुए लड़कियों के मुकाबलों में 53 किलोग्राम भर वर्ग में हिसार की रजनी ने प्रथम, भिवानी की पिंकी ने द्वितीय व रोहतक की सीतो व दादरी की रजनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
57 किलोग्राम में भिवानी की प्रियंका प्रथम
57 किलोग्राम में भिवानी की प्रियंका ने प्रथम, रोहतक की प्रीति ने द्वितीय, झज्जर की तमन्ना व जींद की लक्ष्मी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 62 किलोग्राम भार वर्ग में पानीपत की राधिका ने पहला, रोहतक की खुशी ने दूसरा, सोनीपत की अन्नू व तन्नु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
68 किलोग्राम भार वर्ग में सोनीपत की बिंदु प्रथम
68 किलोग्राम भार वर्ग में सोनीपत की बिंदु पहले, सोनीपत की तमन्ना दूसरे व भिवानी की निशा व दादरी की दिनेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 96 किलोग्राम भार वर्ग में जींद की निशा पहले, हिसार की पूजा दूसरे व रोहतक की राखी व दादरी की मेघना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
लड़कों के मुकाबले
उधर लड़कों के कड़े मुकाबलों में 55 किग्रा. में हिसार का विकास प्रथम, भिवानी का श्रीकांत द्वितीय, झज्जर के मंजीत व फतेहाबाद के सुशील कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 63 किलोग्राम भर वर्ग में जींद के रमन ने पहला, रोहतक के राहुल ने दूसरा व पानीपत के संदीप व हिसार के विश्वास ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 72 किलोग्राम भर वर्ग में झज्जर के विकास ने पहला, रोहतक के सचिन ने दूसरा व सोनीपत के अजय व सागर ने तीसरा स्थान हासिल किया।
नशे से दूर रहें खिलाड़ी : रणजीत सिंह
प्रतियोगिता के दूसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रदेश के बिजली एवं जेल मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि हरियाणा में खेलों को लेकर हमेशा ही हमारे पहलवान आगे रहे हैं। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल कुश्ती एवं कबड्डी अकादमी मिर्चपुर का देश-प्रदेश में बड़ा नाम है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नशे से दूर रहना चाहिए, ताकि खेलों में अपना भविष्य बना सके।
31 मार्च से पहले 2018 से लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन होंगे जारी
बोले - कुंडू व ग्रोवर का अंदरूनी मामला है, जिसे जल्द सुलझा लिया जाएगा
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि 31 मार्च से पहले 2018 से लंबित प्रदेश के किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन देने जा रहे हैं। जिन किसानों ने पूरी पेमेंट भरी हुई है, उन्हें जल्द कनेक्शन दे दिए जाएंगे। जिन ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बिजली बिल नहीं भर रहे हैं, उन गांवों में जागरूकता के लिए से बिजली पंचायतों का आयोजन किया जा रहा है। इसके बहुत ही सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है। सभी निर्दलीय विधायक भाजपा व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ खड़े हैं। बलराज कुंडू व मनीष ग्रोवर का अंदरूनी मामला है, जिसे जल्द सुलझा लिया जाएगा। इस अवसर पर खेल निदेशक भूपेंद्र सिंह, किशोरी लाल घनघस, राजकुमार हुड्डा, अर्जुन अवॉर्डी अशोक गर्ग व ओमबीर पहलवान, अजय पहलवान, जयभगवान लाठर, प्रदीप मिर्चपुर, सरपंच सत्यवान उर्फ सत्तू, मास्टर चंद्र प्रकाश ढांडा, विजेंद्र ढांडा आदि मौजूद थे।