हिसार। बेतरतीब खान-पान, बिगड़ी दिनचर्या और तनाव अब लोगों के शरीर में शुगर घोल रहे हैं। मधुमेह का दायरा लगातार बढ़ रहा है। चिंता की बात यह है कि अब बच्चे भी इसकी चपेट में आने लगे हैं। नागरिक अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में रोजाना 30 से 35 मरीज मधुमेह का उपचार करवाने पहुंच रहे हैं। इनमें ज्यादातर 35 से 70 साल की उम्र के हैं।
चिकित्सकों के अनुसार समय रहते शुगर नियंत्रित नहीं की तो इसका असर शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों पर पड़ सकता है। दिल, गुर्दे, नसें और लीवर इससे प्रभावित हो सकते हैं। कई मरीजों में कुछ वर्षों बाद किडनी संबंधी समस्याएं भी सामने आने लगती हैं। इसी खतरे के प्रति जागरूक करने के लिए हर साल 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है।
दो प्रकार का होता है मधुमेह
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अजय चुघ ने बताया कि मधुमेह लंबे समय तक रहने वाली क्रोनिक बीमारी है। इसमें शुगर का स्तर नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है। मधुमेह मुख्य रूप से टाइप-1 और टाइप-2 प्रकार का होता है। टाइप-1 के लक्षण बचपन में ही दिखाई देने लगते हैं। इसमें शरीर में इंसुलिन की मात्रा शून्य होती है। ऐसे मरीजों को नियमित इंसुलिन देना आवश्यक होता है। हालांकि इस प्रकार के मामले कम होते हैं। टाइप-2 मधुमेह मुख्य रूप से वयस्कों में देखने को मिलता है।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
डॉ. अजय चुघ के अनुसार मधुमेह होने पर पैरों में चीस लगना, नसों में दर्द और शरीर में सुन्नपन महसूस हो सकता है। इसके अलावा फैटी लीवर और दिल संबंधी समस्याओं का खतरा भी रहता है। बार-बार भूख लगना और रात में बार-बार पेशाब आना भी इसके लक्षण हो सकते हैं। ऐसे संकेत मिलने पर चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए।
खान-पान में बदलाव से होगा बचाव
मधुमेह के मरीजों को निर्धारित डाइट चार्ट का पालन करना चाहिए। मीठे पेय पदार्थों से दूरी बनाएं और भोजन में मल्टीग्रेन आटे का इस्तेमाल करें। खाने में फाइबर की मात्रा बढ़ाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है। अमरूद, पपीता और जामुन का सेवन किया जा सकता है। खीरा और ककड़ी जैसे सलाद भी आहार में शामिल करें। नियमित जांच और संतुलित दिनचर्या से शुगर को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।