आजाद नगर में बरसाती पाइपलाइन बंद पड़ा काम।
हिसार। आजाद नगर क्षेत्र में बिछाई जा रही ड्रेनेज लाइन के कार्य में लीकेज और तकनीकी खामियों के आरोपों के बाद काम रोक दिया गया। शुक्रवार को जनस्वास्थ्य विभाग के जूनियर इंजीनियर ने मौके का निरीक्षण कर लीकेज बंद करवाई और लाइन के पास भरे पानी की निकासी के लिए व्यवस्था की।
पार्षद सत्यवान पानू ने आरोप लगाया कि घटिया गुणवत्ता का काम किया जा रहा था, जिसे लेकर उन्होंने मौके पर पहुंचकर काम रुकवाया और अधिकारियों को सूचित किया। वार्ड 19 में डीसी आवास के पास चल रहे ड्रेनेज कार्य में करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पार्षद ने वीडियो बनाकर विभाग को अवगत कराया था जिसके बाद कार्रवाई की गई।
पार्षद ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर बिना लेवल और पानी निकाले पाइप बिछाए जा रहे थे। पाइप के नीचे उचित बेड नहीं बनाया जा रहा, जिससे उनके धंसने और लाइन खराब होने का खतरा है। उन्होंने यह भी कहा कि गीले स्थानों पर ही चिनाई की जा रही थी और कई पाइप पहले ही टूट चुके हैं।
13 करोड़ का प्रोजेक्ट
जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से मंडल आयुक्त आवास से गंगवा गांव तक ड्रेनेज लाइन बिछाई जा रही है, जिसमें 500 से 1400 एमएम व्यास के पाइप लगाए जा रहे हैं। इस परियोजना पर करीब 13 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। मुख्य सड़क का कार्य पूरा होने के बाद अंदरूनी गलियों में भी लाइन बिछाई जाएगी जिसके बाद सभी लाइनों को आपस में जोड़ा जाएगा।
आज ठेकेदार का फोन आया था। उन्होंने बताया कि पानी निकाल दिया गया है और वे दोबारा काम शुरू करना चाहते हैं। मैंने कहा कि काम पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए, हमें कोई आपत्ति नहीं है। यदि ड्रेनेज लाइन ठीक तरीके से नहीं बनी तो भविष्य में बड़ी समस्या होगी और करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी इसका लाभ नहीं मिलेगा। मेरा उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण काम कराना है।
- सत्यवान पानू, पार्षद वार्ड नंबर 19, नगर निगम हिसार