हिसार दिल्ली में चल रही महिला खो-खो वर्ल्ड कप में मैच के दौरान मीनू धत्तरवाल।
हिसार। दिल्ली में चल रही महिला खो-खो वर्ल्ड कप में जिले के गांव बिठमड़ा की बेटी मीनू धत्तरवाल ने शनिवार को चांदी पक्की कर ली है। अब मीनू रविवार को गोल्ड के लिए नेपाल को टक्कर देगी। शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया। भारतीय टीम ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए साउथ अफ्रीका को 50 अंकों के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। जबकि साउथ अफ्रीका की टीम मात्र 16 अंक ही बना सकी।
भारतीय टीम में हरियाणा से केवल मीनू धत्तरवाल ही हैं। अभी तक हुए मैच में मीनू का उम्दा प्रदर्शन रहा है। रविवार को मीनू का मैच देखने के लिए कोच राजेश दलाल भी दिल्ली जाएंगे। वहीं, परिवार के सदस्य मीनू का मैच देखेंगे। फाइनल में पहुंचने पर मीनू के परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों को फोन पर और घर आकर बधाई दे रहे हैं। डीसीएम स्कूल के चेयरमैन संजय, कोच राजेश दलाल ने बेटी मीनू को बधाई दी। मीनू डीसीएम स्कूल में कोच राजेश दलाल के मार्गदर्शन में सुबह शाम 3-3 घंटे अभ्यास करती है। खो-खो में अब तक वह 8 मेडल जीत चुकी हैं। पिछले साल एशियन चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था।