चौथी सीनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में प्रदेश की टीम को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में रेलवे की टीम ने हरियाणा को 4-0 से हरा दिया।
प्रदेश की टीम में साई सेेंटर हिसार की चार खिलाड़ी शामिल थी। उधर टीम की कप्तान व गोलकीपर सविता पूनिया को टूर्नामेंट का बेस्ट गोलकीपर चुना गया।
हालांकि हिसार की हॉकी खिलाड़ी पूनम मलिक भी इस टूर्नामेंट में विजेता टीम रेलवे की तरफ से खेल रही थी। उधर लगातार तीसरी बार विजेता बनी प्रदेश की जूनियर टीम में भी हिसार की खिलाड़ी शामिल थी।
साई सेंटर हिसार की चार खिलाड़ी इस टीम की सदस्य थी, जिसमें सविता पूनिया, जसविंद्र कौर, सोनिका व रीना शामिल है। सविता पूनिया टीम की कप्तान व गोलकीपर दोनों थी।
सविता नेशनल टीम का हिस्सा भी रह चुकी हैं। सविता मूल रूप से सिरसा(जोदका) की रहने वाली है। इसके अलावा जसविंद्र कौर भी नेशनल टीम की सदस्य रह चुकी हैं।
उधर सोनिका भी जूनियर व सीनियर वर्ग में नेशनल खेल चुकी है। रेलवे की टीम की तरफ से पूनम मलिक उमरा की रहने वाली है। एचएयू के शारीरिक शिक्षा विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर आजाद सिंह मलिक इस टीम के कोच थे।
जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में हरियाणा की लगातार तीसरी जीत है। रविवार को फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी को 2-0 से हराया।
इस टीम में साई सेंटर हिसार की खिलाड़ी उदिता शामिल थी। उदिता पुलिस लाइन हिसार में रहती है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2005 से लेकर आज तक साई सेंटर हिसार के 70 खिलाड़ी नेशनल लेवल पर खेल चुके हैं।