अपोलो हार्ट लैब के नजदीक मंगलवार रात को एक महिला टीचर और उनकी बेटी से बाइक सवार तीन युवक पर्स झपटकर ले गए। इस दौरान महिला ने पुलिस से मदद मांगी तो पुलिस ने इनकार कर दिया। महिला टीचर और उसके परिजनों ने आरोप लगाया है कि जेल अधीक्षक आवास के नजदीक तैनात पुलिस कर्मचारियों से उन्होंने मदद मांगी थी जिन्होंने मदद करने से साफ इनकार करते हुए कहा कि ये हमारा एरिया नहीं। महिला टीचर व उनकी बेटी ने झपटमारों का पीछा भी किया मगर किसी ने मदद नहीं की। हालांकि अर्बन इस्टेट चौकी पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ झपटमारी का केस दर्ज कर लिया है।
झपटमारों ने जैसे ही पर्स छीना टीचर बिमला और उनकी बेटी स्कूटी से गिर गई। उन्हें चोट आई हैं। गिरने के बाद उन्होंने पुलिस कोटा क्लासेज के सामने पुलिस वाहन में तैनात पुलिस से मदद मांगी मगर उन्होंने नहीं की। दोनों ने अपनी चोटें भी दिखाई मगर पुलिस ने साफ कहा कि आप अर्बन इस्टेट चौकी चले जाओ उनका एरिया पड़ता है। यहां यह बता दें कि रेलवे रोड पर भी कुछ दिन पहले ही एक स्कूटी सवार महिला का पर्स छीना गया था। उस वक्त वह महिला भी अपनी बेटी के साथ स्कूटी पर सवार थी। महिला झपटमारी के दौरान स्कूटी से गिर गईं और उनका हाथ टूट गया था।
डाबड़ा चौक गली नंबर छह निवासी टीचर के पति राधे श्याम ने बताया कि वे सेल्स टैक्स व इनकम टैक्स के वकील हैं। उनकी पत्नी व बेटी बीती शाम स्कूटी पर सवार होकर शॉपिंग के लिए जा रही थीं। अचानक पीछे से बाइक पर सवार तीन युवकों ने पर्स झपट लिया। पति का कहना है कि सेवा सुरक्षा और सहयोग का दंभ भरने वाली पुलिस ने कोई मदद नहीं की। बेटी का फोन आया पापा जल्दी आओ तब तक झपटमार भाग चुके थे। बेटी व पत्नी ने उनका पीछा भी किया मगर वे फरार हो गए।