लुटेरों में पुलिस का खौफ जरा भी देखने को नहीं मिल रहा है। जिले में यह तीसरी घटना है, जब लुटेरों ने घर तक पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया है। रविवार देर शाम कुंजलाल गार्डन की है वारदात। जब कुंजलाल गार्डन में रहने वाली शकुंतला तनेजा बाजार से सामान की खरीददारी कर लौटी तो दरवाजे के सामने खड़े दो युवकों ने महिला को धक्का दे दिया और पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में एक हीरे की अंगूठी, पांच हजार नकद, एक मोबाइल फोन और कुछ जरूरी कागजात थे। मामले की शिकायत महिला के परिजनों ने तुरंत पुलिस को दी।
महिला शकुंतला तनेजा ने बताया कि वह देर शाम राजगुरु मार्केट से कुछ खरीददारी कर घर लौट रही थी। बाजार से रिक्शा में वह घर तक पहुंची। जैसे ही वह रिक्शा से उतरकर घर के नजदीक पहुंची और दरवाजे के अंदर घुसने लगी तो पहले से ही दरवाजे के पास खड़े दो युवकों ने उसे धक्का देकर पर्स छीन लिया। दोनों युवक पैदल थे और वे शांति नगर की तरफ भाग निकले। महिला ने लुटेरों का पीछा भी किया। यह सब देख मोहल्ले की एक और महिला कुसुम भी दोनों युवकों के पीछे दौड़ी पड़ी, लेकिन दोनों युवक हाथ नहीं आए।
महिला ने बताया कि जो पस लुटेरों ने छीना, उसमें उसकी एक हीरे की अंगूठी, पांच हजार नकद, एक मोबाइल फोन और कुछ जरूरी कागजात थे। मामले की सूचना फिर महिला के परिजनों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में पूछताछ की। 12 क्वार्टर चौकी इंचार्ज एएसआई दयानंद ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
सफेद टी शर्ट में था एक लुटेरा
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो महिला ने एक युवक को सफेद रंग की टी-शर्ट पहने हुए बताया है। दोनों युवकों की उम्र भी 16 से 20 वर्ष के बीच होगी। महिला ने बताया कि वह चिल्लाती हुई आरोपी युवक के पीछे दौड़ी, लेकिन सामने किसी अन्य व्यक्ति ने लुटेरों को पकड़ने की जहमत नहीं उठाई।
एक घंटे बाद ही लुटेरों ने बेच डाला मोबाइल
महिला शकुंतला के बेटे गौरव ने बताया है कि लूट की घटना के एक घंटे बाद ही लुटेरों ने मोबाइल बेच डाला। इसके बारे में गौरव को तब पता चला, जब गौरव ने उसी नंबर पर फोन किया, जो लुटेरे छीनकर ले गए थे। गौरव का कहना है कि घंटी जाते ही किसी व्यक्ति ने फोन उठा लिया।
उससे फोन के बारे में जब पूछा तो उसने सिर्फ यह कहा कि उसने तो यह मोबाइल दो हजार रुपये की कीमत में खरीदा था। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने न पता बताया, न ही अपना नाम। इसके बाद उसने तुरंत फोन स्विच ऑफ कर लिया।
घर के पास हुईं वारदात
संत नगर एरिया में एक महिला की घर के दरवाजे खड़ी महिला की सोने की चेन तोड़कर युवक फरार हुए थे। इसके बाद टेकड़ा मोहल्ला में भगत सिंह चौक स्थित एक मूंगफली के व्यापारी के घर लुटेरों ने बुजुर्ग महिला को केमिकल सुंघाकर लूट का प्लान तैयार कर लिया था। हालांकि मौके पर बुजुर्ग का व्यापारी बेटा पहुंच गया। तीसरी घटना फिर कुंजलाल गार्डन में घटी।