हिसार के गांव दौलतपुर के पास मंगलवार शाम को दो बाइक आपस में टकरा गई। इस हादसे में बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई जबकि उसका बेटा घायल हो गया। बेटे को जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहीं, महिला के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
विज्ञापन
गलत दिशा से आ रही थी बाइक
कनोह के रहने वाले अभिषेक ने बताया कि वह अपनी मां सोनिया के साथ बाइक पर उकलाना जा रहा था। उसकी मां को सिर में दर्द की शिकायत रहती है, उसी की दवा लेने वह जा रहे थे। शाम करीब 7:00 बजे जब वे दौलतपुर गांव के पास पहुंचे तो सामने से गलत दिशा में एक तेज गति से बाइक आ रही थी। बाइक चालक ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद वह और उसकी मां सड़क पर गिर गए। सड़क पर गिरने से उसकी मां के सिर में गंभीर चोट आई। राहगीरों की मदद से दोनों को उकलाना के अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उन्हें जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।