थाना रानियां क्षेत्र के गांव मम्मड़खेड़ा में बुधवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
थाना ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव ठोबरिया निवासी बहादुर राम की पुत्री सुनीता की शादी 11 माह पहले गांव मम्मड़खेड़ा निवासी नत्थूराम पुत्र ताराचंद के साथ हुई थी। बुधवार को सुनीता के ससुराल वालों ने मायके वालों को फोन पर बताया कि उनकी बेटी काफी बीमार थी जिसके चलते उसकी मौत हो गई है।
सुनीता के परिजन मम्मड़खेड़ा पहुंचे। मृतका के भाई रोहताश ने बताया कि जब उन्होंने गांव में जाकर देखा तो सुनीता के मुंह से झाग निकल रहा था। इस पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने शव का दाह संस्कार नहीं करने दिया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी।
उसने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। उसने बताया कि सुनीता के ससुराल वाले उसे पहले भी दहेज के लिए तंग करते थे और आए दिन मारपीट की जाती थी।
उसने बताया कि उसकी बहन की मौत नहीं हुई बल्कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने रोहताश के बयान पर सुनीता के पति नत्थूराम और सास सुखशांति पत्नी ताराचंद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।