हांसी/हिसार। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव मय्यड़ के पास शनिवार सुबह सिरसा-दिल्ली ट्रैक पर मालगाड़ी के आगे आकर एक महिला ने बेटी संग आत्महत्या कर ली। मृतका की तीन वर्षीय छोटी बेटी का बचाव हो गया। उसे गंभीर हालत में हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया है। शवों को हांसी के नागरिक अस्पताल में रखवाया है। पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। इस मामले महिला के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। ऐसे में फिलहाल इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
हिसार जीआरपी थाने के एसएचओ श्याम सिंह ने बताया कि मूलत: गगनखेड़ी और हाल हांसी के उत्तम नगर की रहने वाली प्रमिला (35) की शादी गांव भगाना निवासी नरेंद्र के साथ हुई थी। नरेंद्र खेतबाड़ी करता है। दोनों के चार बेटियां हैं। प्रांरभिक जांच में पता चला है कि प्रमिला की मां ने कुछ दिन पहले आंखों का ऑपरेशन करवाया था। ऐसे में वह दो बेटियों नीकिता (6) और प्रीति (3) के साथ घर से यह कहकर निकली कि मां से मिलने हांसी जा रही है। वह मय्यड़ पहुंची और बेटियों का हाथ पकड़कर हांसी की तरफ रेलवे ट्रैक पर चलने लगी। इसी दौरान हांसी की तरफ से एक मालगाड़ी ट्रैक पर आ गई, लेकिन वह हटी नहीं।
लोको पायलट ने हॉर्न बजाया पर ट्रैक से नहीं हटी
महिला को दो बच्चियों के साथ ट्रैक पर चलते देख मालगाड़ी के लोको पायलट ने हॉर्न बजाया और ब्रेक लगाने के भी प्रयास किए, लेकिन प्रमिला ट्रैक से नहीं हटी। मालगाड़ी की चपेट में आने से प्रमिला और निकिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि प्रीति ट्रैक के बीचोबीच गिर गई, इससे उसकी जान बच गई। इस घटना के बाद करीब 20 मिनट तक मालगाड़ी वहीं रुकी रही। आसपास के लोगों से सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची। हांसी जीआरपी थाने के एएसआई बलबीर ने बताया कि ससुराल पक्ष ने प्रमिला के किसी भी तरह के तनाव में होने से इन्कार किया है। फिलहाल इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है। उसके मायके पक्ष से कोई शिकायत देगा तो उसी आधार पर आगे जांच की जाएगी।