सतलोक आश्रम मामले में फंसे 909 लोगों की पेशी तीन दिसंबर को एक साथ होगी। कोर्ट में पेशी के दौरान अफरा-तफरी से बचने के लिए निचली अदालत ने वीसी (वीडियो कांफ्रेंसिंग) से पेशी भुगतवाने का फैसला लिया है।
रविवार को पुलिस ने राजकपूर उर्फ प्रीतम और राजेंद्र को कोर्ट में पेश किया गया था। जेएमआईसी संजय वर्मा की कोर्ट में पेशी के दौरान उन्होंने ये निर्देश दिए। कोर्ट ने दोनों अभियुक्तों को तीन दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
सभी की एक साथ पेशी की तारीख
पुलिस की तरफ से केस लड़ रहे असिस्टेंट डिस्ट्रिक अटॉर्नी राजेश चौधरी ने बताया कि देशद्रोह सहित अन्य मामलों में सतलोक आश्रम से पकडे़ गए सभी अभियुक्तों को केवल रामपाल को छोड़कर जेल भेजा जा चुका है।
पहले खास राजदारों का रिमांड चल रहा था। जिनको अलग=अलग तारीखों पर पेश किया था। जिन अभियुक्तों को शुरूआत में ही ज्यूडीशियल भेजा गया था, उन्हें दोबारा तीन दिसंबर को पेश करना है। कोर्ट ने संबंधित केस में सभी को एक ही दिन पेश होने की स्थिति में यह तारीख निर्धारित की है।
जेल में है वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम
पुलिस प्रशासन ने बताया है कि जेल में वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम है। कोर्ट इतने अधिक लोगों की पेशी कैमरे के सामने लेगी।
कोर्ट की तरफ से ड्यूटी मजिस्ट्रेट या फिर संबंधित केस की सरकार की तरफ से पैरवी कर रहे वकील को जेल परिसर में भेजा जाएगा। कैमरे के सामने से सभी को गुजारकर सभी अभियुक्तों के हस्ताक्षर लिए जाएंगे।
आज रामपाल को किया जाएगा कोर्ट में पेश
सतलोक आश्रम के मुखी रामपाल को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। रामपाल को दोबारा पुलिस ने छह दिन के रिमांड पर ले रखा था।
दोपहर बाद पुलिस मुख्य अभियुक्त रामपाल को कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस सूत्राें की मानें तो रामपाल को भी न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा सकता है।