हिसार। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (जीजेयू) के शिक्षकों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों को इंतजार है कि आखिर कब विवि को स्थायी कुलपति मिलेगा। पिछले 10 महीनों से जीजेयू की कार्यप्रणाली कार्यवाहक कुलपति के सहारे चल रही है। स्थायी कुलपति की मांग को लेकर जीजेयू के शिक्षक और छात्र संगठन कई धरना दे चुके हैं। स्थायी कुलपति की मांग हरियाणा के राज्यपाल तक पहुंचाई जा चुकी है। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी टीचर एसोसिएशन (गजुटा) के प्रधान डॉ. ऋषिपाल व सचिव डॉ. राजेश ठाकुर ने बताया कि स्थायी कुलपति की नियुक्ति समेत अन्य मांगों को लेकर सोमवार को कुलपति कार्यालय के सामने अनिश्चिकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
शिक्षक संघ का कहना है कि इससे पहले वर्ष 2014 में सीडीएलयू के वीसी डॉ. आरएस शर्मा को जीजेयू का कार्यवाहक कुलपति नियुक्त किया गया। जिनका कार्यकाल 26 जुलाई 2014 से 12 अक्तूबर 2015 तक चला था। इसके बाद मौजूदा कार्यवाहक कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज का कार्यकाल रहा है। जेएसओ संस्थापक प्रवीन ढ़ांडा ने कहा कि सरकार ने हमारे साथ भेदभाव किया है। लोकतंत्र का मजाक उड़ाते हुए हमें हिरासत में लिया गया। छात्रों पर माहौल खराब करने, दंगा भड़काने के झूठे आरोप मे मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रवीन ने कहा कि हमें खुलेआम पकड़कर प्रशासन 12 घंटे तक नजरबंद रखा। उन्होंने कहा कि हमारे सभी साथियों पर लगाए गये सभी झूठे मुकदमों को वापिस लिया जाए वरना अनिश्चितकालीन कालीन धरना शुरू करेंगे।
जमींदारा छात्र संगठन भी जीजेयू में स्थायी कुलपति की मांग उठा चुका है। जेएसओ के प्रदेशाध्यक्ष सचिन व जेएसओ संस्थापक प्रवीन ढांडा ने बताया कि कुलपति में स्थायी कुलपति की मांग को लेकर हरियाणा के राज्यपाल व सीएम को मांग पत्र लिखा है। अपनी मांगो को लेकर सभी कॉलेजों के छात्रों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा।
जीजेयू में अब तक ये रह चुके हैं कुलपति
- डॉ. केएल जोहर अक्तूबर 1995 से अक्तूबर 1998
- आईएएस धर्मवीर अक्तूबर 1998 से अक्तूबर 1999
- डॉ. केसी बांगड़ अक्तूबर 1999 से अगस्त 2000
- आईएएस भागवती प्रसाद अगस्त 2000 से सितंबर 2000
- डॉ. आरके चौहान सितंबर 2000 से सितंबर 2003
-आईएएस एएन माथुर 12 सितंबर 2003 से 30 सितंबर 2003
- आईएएस विष्णु भगवान अक्तूबर 2003 से अप्रैल 2005
- आईएएस आरआर फुलिया अप्रैल 2005 से सितंबर 2005
- डॉ. आरपी बाजपाल सितंबर 2005 से जून 2008
- रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. डीडीएस संधु जून 2008 से अप्रैल 2010
- डॉ. एमएल रंगा अप्रैल 2010 से जुलाई 2014
- डॉ. आरएस शर्मा 2014 से अक्तूबर 2015
- प्रो. टंकेश्वर कुमार अक्तूबर 2015 से जुलाई 2021
- प्रो. बीआर कांबोज (कार्यवाहक) अगस्त 2021 से अब तक
शिक्षा संस्थानों को राजनीति के अड्डा न बनाएं भाजपा : सिवाच
पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति ने विश्वविद्यालयों में भाजपा के राजनीतिक प्रोग्राम होने का विरोध किया है। इस संबंध में पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के जनरल सेक्टरी संदीप सिवाच ने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक फायदे के लिए शिक्षा संस्थानों को प्रयोग कर रही है। शिक्षा संस्थानों को राजनीति का अड्डा न बनाया जाए। इससे बच्चों की शिक्षा पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। सिवाच ने कहा कि सरकार पाठ्यक्रम में बदलाव करके गलत काम कर रही है। भगत सिंह की जीवनी को पाठ्यक्रम से हटाकर अन्य की जीवन पाठ्यक्रम में जोड़ रही है। अगर शिक्षण संस्थानों में राजनीतिक कार्यक्रम होने बंद नहीं हुए तो पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति इन कार्यक्रमों का जोरदार विरोध करेगी।