हिसार। कैमरी मार्ग स्थित रेलवे फाटक के नजदीक वीरवार सुबह करीब साढ़े दस बजे सिरफिरे आशिक ने 19 वर्षीय युवती के मुंह, हाथ और सीने पर चाकू से वार कर दिए। इस दौरान बीच बचाव में आई पीड़िता की भाभी पर हमले का प्रयास किया और मौसेरे भाई के ऑटो का शीशा तोड़ दिया। आरोप है कि युवक, युवती पर दोस्ती का दबाव बना रहा था। दोस्ती से इन्कार करने पर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
वहीं, वारदात के बाद लोगों ने आरोपी पटेल नगर निवासी संजू को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया और युवती को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ व हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले भी आरोपी संजू पर छात्रा पर चाकू से हमला करने पर हत्या के प्रयास और युवती से छेड़छाड़ का केस दर्ज है। दोनों ही मामलों में आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ था।
आरोपी ने बाल पकड़ कर कहा-चल मेरे साथ
शास्त्री नगर निवासी महिला ने बताया कि वीरवार सुबह वह ननद के साथ पटेल नगर में एक कोठी में सफाई करने के लिए जा रही थी। रेलवे फाटक के पास पहुंचे तो पीछे से संजू ने ननद के बाल पकड़ लिए और कहा कि चल मेरे साथ। आरोपी ने दोस्ती का दबाव डाला। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने चाकू निकाला और उसके मुंह, हाथ और सीने पर वार कर दिए। जब भाभी बीच बचाव में आई तो उस पर भी हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान आसपास के लोगों ने आरोपी संजू को पकड़ लिया। शोर सुनकर युवती का मौसेरा भाई ऑटो लेकर आया तो आरोपी ने उसका शीश तोड़ दिया। बाद में पुलिस सूचना पर पहुंची और आरोपी को थाने ले गई।
पुलिस पहले वाली शिकायत पर कार्रवाई करती तो नहीं होती ऐसी वारदात
अस्पताल में उपचाराधीन युवती ने बताया कि आरोपी लगातार उसका पीछा कर रहा है और दोस्ती का दबाव मना रहा है। करीब तीन महीने पहले भी संजू ने उसे पीटा था। इस बारे में आजाद नगर थाना पुलिस में शिकायत दी थी। इसके बाद कुछ दिन के लिए वह गायब हो गया और पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगर पुलिस पहले वाली शिकायत पर कार्रवाई करती तो आज यह वारदात नहीं होती।
चेहरा खराब करना चाहता था आरोपी
युवती ने बताया कि संजू ने मुंह पर चाकू से कई बार वार किए। वह उसका चेहरा खराब करना चाहता था। वह पहले भी कई बार धमकी दे चुका है। आरोपी संजू ने पटेल नगर के पास एक छात्रा पर भी चाकू से हमला किया था। वारदात के समय छात्रा स्कूल से लौट रही थी। इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। आरोपी संजू को हत्या के प्रयास मामले में 10 साल की सजा सुनाई गई है। वह अभी जमानत पर आया हुआ है।
बयान -
युवती पर जानलेवा हमले के आरोपी को पकड़ लिया है। आरोप है कि वह युवती पर दोस्ती का दबाव बना रहा था। पुलिस ने पीड़िता की भाभी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- रमेश कुमार, थाना प्रभारी, आजाद नगर