ऑटो मार्केट के बरसाती नाले के टूटे स्लैब।
हिसार। ऑटो मार्केट में मानसून की शुरुआत के साथ नगर निगम द्वारा शुरू की गई नालों की सफाई दुकानदारों और ग्राहकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। निगम ने सफाई के लिए नालों के स्लैब उखाड़कर बीच रास्ते में छोड़ दिए हैं जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
रोजाना करोड़ों रुपये के स्पेयर पार्ट्स और 100 से अधिक मैकेनिकों के व्यवसाय वाली इस मार्केट में अंदर की दुकानों तक वाहनों का पहुंचना नामुमकिन हो गया है। तंग रास्तों पर खुले नालों के कारण आए दिन गाड़ियां इनमें फंसकर क्षतिग्रस्त हो रही हैं। डर के मारे ग्राहक दूर से ही वापस लौट रहे हैं जिससे स्थानीय कारोबारियों का धंधा चौपट हो गया है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बारिश के मौसम में नालों की सफाई का टेंडर देना पूरी तरह गलत फैसला है। यह काम मानसून से पहले होना चाहिए था। अब स्थिति यह है कि तेज बारिश होने पर जलभराव के कारण ये खुले नाले दिखाई नहीं देंगे, जिससे किसी व्यक्ति या वाहन के गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है।
ऑटो मार्केट के व्यापारियों ने नगर निगम से गुहार लगाई है कि सफाई कार्य को युद्धस्तर पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए और हटाए गए स्लैबों को पहले की तरह ठीक से व्यवस्थित करके नालों को तुरंत ढका जाए।