माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। सोमवार रात को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में मंगलवार को कहीं दिखने को नहीं मिला। सभी जिलों के तापमान में बढ़ोतरी हुई। बावजूद इसके तापमान सामान्य से नीचे रहा। इस कारण से नौतपा का तीसरा दिन भी राहत भरा बीता।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि सोमवार रात एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। हालांकि यह ज्यादा असरदार साबित नहीं होगा। इसके असर से मंगलवार को जिलों में आंशिक बादलवाही रही और मौसम साफ रहा। मंगलवार को दिन के तापमान में 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। भिवानी में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा।
ऊपरी वायुमंडल की जेट धाराओं के दक्षिणायन होने से लगातार मई में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही पश्चिमी गर्म हवाओं की जगह पूर्वी नमी वाली हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का ज्यादा असर प्रदेश के पंजाब से सटे हिस्सों में देखने को ही मिलेगा। इसके बाद 30 मई को सक्रिय होने वाले विक्षोभ का पूरे प्रदेश में असर रहेगा।