पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के ननिहाल लीलस में ग्रामीण पानी खरीदकर बुझा रहे हैं प्यास
- फोटो : bureau
मौसम के साथ ही पेयजल संकट को लेकर लोगों का पारा भी बढ़ने लगा है। विभाग की तरफ से खारा पानी सप्लाई किया जा रहा है और मीठे पानी के लिए लोगों को जेबें ढीली करनी पड़ रही हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे, जिसके कारण लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है।
रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के ननिहाल गांव लीलस के ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गांव में पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की।
गौरतलब है कि सिवानी क्षेत्र में पेयजल संकट ने कोहराम मचा रखा है। नहरबंदी के चलते लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। नहरों में पानी नहीं है और जलघर सूख चुके हैं। प्रशासन की तरफ से गांवों में मीठे पानी की कोई व्यवस्था नहीं किए जाने से ग्रामीणों को पानी पड़ोसी राज्य राजस्थान से खरीदकर लाना पड़ रहा है।
इसके विरोध में रोजाना गांवों में रोष प्रदर्शन हो रहे हैं, मगर विभाग के पास मीठे पानी का स्टॉक ही नहीं है और गांवों में खारे पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसके विरोध में रविवार को लीलस गांव के लोग जलघर में जमा हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीण इंद्र सिंह, ओमप्रकाश, हंसराज, रामकुमार, हनुमान, चंद्रमोहन, बजरंग आदि ने बताया कि उनके गांव की नहर अंतिम छोर पर है और पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पाता। वे लोग पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं। इसके अलावा मवेशियों के लिए भी काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। पशुओं को वे खारा पानी पिला रहे हैं, जिससे पशुओं का हाजमा भी खराब होने लगा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि उनके यहां मीठे पानी की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में की जाए, ताकि वे कुछ राहत महसूस कर सके।