हिसार। सर्दी में चोरी की वारदात बढ़ रही हैं। अब चोरों के निशाने पर जलघर में रखीं पानी की मोटरें हैं। दुबेटा के जलघर से मोटर चोरी की घटना के बाद अब चारनौंद के जलघर से पानी की मोटर व अन्य सामान चोरी हो गया है। इस संबंध में आजाद नगर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
चारनौंद के जलघर पर कार्यरत कर्मचारियों एवं इंचार्ज हरबंस लाल ने कनिष्ठ अभियंता को बताया कि 23 जनवरी की रात को चोर जलघर का ताला तोड़कर चेंबर से तीन मोटर एवं अन्य सामान ले गए। इस कारण चारनौंद की जल सप्लाई बाधित हो गई है। उपमंडल अभियंता विशाल की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
राजथल में खेतों में बने कमरे का ताला तोड़कर चुराया सामान
नारनौंद। गांव राजथल के खेतों में बने कमरे का ताला तोड़कर सामान चुराने का मामला सामने आया है। किसान ने इसकी शिकायत नारनौंद पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव राजथल निवासी किसान सूबे सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जनवरी को जब वह खेत में गया, तो उसके खेत में बने कमरे के ताले टूटे हुए मिले। उसने अंदर जाकर सामान चेक किया, तो डबल बैटरी व इन्वर्टर, चक्की वाली मोटर, करीब 500 किलोग्राम गेहूं, बिस्तर, गैस सिलिंडर व अन्य सामान चोरी हुआ मिला।
गांव गढ़ी के खेतों से सोलर मोटर चोरी
बास। गांव गढ़ी के खेतों में सौर ऊर्जा की प्लेटों पर लगी मोटर चोरी हो गई। किसान ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी सोरखी में दी है। बास पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव गढ़ी निवासी किसान मुरारी लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने खेत में ट्यूबवेल चलाने के लिए सोलर पंप सेट लगाया हुआ है। दो जनवरी की सुबह वह खेत में गया, तो उसकी सोलर पंप सेट की मोटर गायब मिली। उसने अपने स्तर पर आसपास पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।