फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: पानी के लिए कतार... जलघरों में 2 से 15 दिन का पानी ही उपलब्ध

Tue, 06 May 2025 01:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
हिसार में नहरी पानी का निरीक्षण करने मौके पर पहुंचे डीसी अनीश यादव।
विज्ञापन
हिसार। शहर के जलघरों में पानी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, क्योंकि जलघरों में फिलहाल केवल 2 से 15 दिन का पानी ही उपलब्ध है। जलघरों को भरने के लिए सभी नहरों पर अतिरिक्त पंपसेट लगाए गए हैं, लेकिन नहरों में जल स्तर बहाव कम होने के कारण जलघर अभी तक पूरी तरह से नहीं भर पाए हैं, और मोगे से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। वहीं, कई जगहों पर पानी के लिए नलकूपों पर लंबी कतार नजर आने लगी हैं।
विज्ञापन

इस स्थिति का जायजा लेने के लिए उपायुक्त अनीश यादव मौके पर पहुंचे और जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलघरों को भरने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाए। उपायुक्त ने बालसमंद ब्रांच का निरीक्षण करते हुए पंपसेट के माध्यम से जलघरों के टैंकों को जल्दी और क्षमता के अनुरूप भरने की बात कही। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शहर के सभी क्षेत्रों, खासकर अंतिम छोर और निचले इलाकों में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नहरों से जलघरों तक पानी की लिफ्टिंग प्रक्रिया में गति लाने के निर्देश भी दिए गए।
डीसी अनीश यादव ने जलघरों में पानी की उपलब्धता पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया और कहा कि जहां भी आपूर्ति बाधित हो रही हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर जलापूर्ति में कोई समस्या आती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी, और ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जलापूर्ति में किसी भी प्रकार की समस्या या बाधा की स्थिति में तुरंत जिला प्रशासन को सूचित किया जाए।
विज्ञापन


सेक्टर-15 में नलके से पानी भरने को मजबूर

सेक्टर-15 में पानी की आपूर्ति को लेकर काफी परेशानी आ रही है। शहर के पॉश एरिया में महिलाओं को नलके के पानी भरना पड़ रहा है। संगीता, सुमित्रा, कमला, नैना शर्मा, रिंपी आहूजा, मोहिनी ने बताया कि पानी को लेकर कई बार शिकायत कर चुकी हैं। पहले भी टैंकर बुलाए कर रहे हैं। अभी पानी संकट का समाधान भी नहीं दिख रहा। ऐसे में नलका ही सहारा बन रहा है।

जलघरों की स्थिति ....

जलघर कितने दिन की आपूर्ति जलघर में पानी
कैमरी रोड -15 दिन -90 प्रतिशत
सातरोड - 6 दिन -45 प्रतिशत
महावीर कॉलोनी -10 दिन-40 प्रतिशत
स्काडा 6 दिन -30 प्रतिशत
आजाद नगर- 8 दिन- 50 प्रतिशत
एचएसवीपी -2 दिन -40 प्रतिशत
सेक्टर 3 - 15 दिन -60 प्रतिशत

एचएसवीपी के अधिकारी नहीं मिलने पर रोष जताया
सेक्टर 13 के लोगों ने बताया कि पिछले 15 दिनों से लगातार वाटर सप्लाई लगभग पूरी तरह से ठप है। पहले कुछ समय पहले आधे सेक्टर में गंदे पानी की समस्या थी। अब पूरे सेक्टर में बुरा हाल है। इंदर सिंह मलिक प्रधान की अध्यक्षता में सेक्टरवासियों का प्रतिनिधिमंडल एचएसवीपी के अधिकारियों से मिलने पहुंचा। वहां काेई अधिकारी नहीं मिला तो रोषित लोगों ने नारेबाजी कर विरोध जताया। इंद्र सिंह मलिक ने बताया कि 15 मई 2024 को एचएसवीपी के प्रशासक, संपदा अधिकारी, एसई, एक्सईएन सभी को सेक्टर-13 में बूस्टिंग के लिए लिखित में अनुरोध किया था।

सेक्टर 1-4 की महिलाओं ने फोड़े मटके
भीम आर्मी के नेतृत्व में सेक्टर 1/4 की महिलाओं ने एचएसवीपी दफ्तर का घेराव किया। पानी पहुंचाने के लिए अफसरों ने लगाई सेक्टर की दौड़ पानी के लिए महिलाओं ने हुड्डा ऑफिस के बहार मटका फोड़ प्रदर्शन किया। सेक्टर 1/4 में पिछले कई दिनों से पीने के पानी की भारी किल्लत के खिलाफ भीम आर्मी के नेतृत्व में क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर संतलाल आंबेडकर, अमित जाटव, प्रदीप यादव और जयवीर गोदारा ने बताया कि कई दिनों से सेक्टर 1/4 में पीने के पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है।

आजाद नगर में एक दिन छोड़कर पानी आता है। पानी की आपूर्ति को लेकर काफी दिक्कतें आ रही हैं। बीच बीच में गंदा पानी भी आ रहा है। सरकार को जल्द से जल्द पानी की समस्या का निदान करना चाहिए। - सुनीता, राजगढ़ रोड

कभी गंदा तो कभी खारा पानी आता है। पिछले करीब 15 दिन से समस्या बढ़ गई है। पहले हमें लगता था कि समस्या का एक दो दिन में निदान हो जाएगा। अब जनस्वास्थ्य के कर्मचारी- अधिकारी लोगों के फोन भी नहीं उठाते। - चंपा, आजाद नगर

पानी को लेकर गर्मी में शिकायत तो रहती ही है। इस बार सबसे अधिक परेशानी आ रही है। हमारी शिकायत का समाधान करने के लिए कोई नहीं आता।चुनाव के समय वादे करने वाले नेता अब गायब हो गए हैं। - राधा, आजाद नगर
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें