उकलाना, बरवाला, हिसार। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गांव बधावड़ में व्यायामशाला बनवाने, जलघर को अपग्रेड करवाने और 75 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर भवन बनाने की घोषणा की। उन्होंने गांव के राजकीय विद्यालय का नाम शहीद ओमप्रकाश के नाम पर रखने की भी घोषणा की। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बुधवार को उकलाना व बरवाला विधानसभा क्षेत्र के गांव बधावड़, ढाणी प्रेम नगर, भैरी अकबरपुर, बालक, जुगलान और सुलखनी में आयोजित जनसभाओं में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर श्रम मंत्री अनूप धानक और बरवाला विधायक जोगीराम सिहाग भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों गांवों में पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
गांव ढाणी प्रेम नगर में पर्याप्त जलापूर्ति के लिए अतिरिक्त वॉटर टैंक बनवाने तथा एक डिजिटल लाइब्रेरी की घोषणा करते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि शिक्षा के सत्र को ऊंचा उठाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। पशु अस्पताल में पशु चिकित्सकों की नियुक्ति को लेकर रखी गई मांग पर कहा कि जल्द ही प्रदेश के अस्पतालों में नवनियुक्त डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। गांव भैरी अकबरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांव में डिजिटल लाइब्रेरी बनाने, फिरनी बनाने के साथ-साथ पीने के पानी के लिए अधिकारियों को तुरंत एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। गांव बालक में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांव में डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत की आईटीआई, व्यायामशाला तथा पानी टैंक बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत जमीन उपलब्ध करवाकर प्रस्ताव भिजवाए। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गांव में 80 लाख रुपये की लागत से बनी फिरनी का उद्घाटन और 65 लाख रुपये से बनने वाली सड़क का शिलान्यास भी किया।
जननायक जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित बूरा ने संबोधित करते हुए ने कहा कि संगठन को मजबूत किया जा रहा है। इस मौके पर महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष शीला भ्याण, हरियाणा खादी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र लितानी, डॉ. अनंत राम बरवाला, पूर्व विधायक पूर्ण सिंह डाबड़ा की बेटी चित्रा देवी, सरपंच सज्जन कुमार आदि उपस्थित रहे।