हिसार। स्वामित्व योजना को लेकर जिला नगर आयुक्त नीरज ने मंगलवार को जिले की यूएलबी अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्वामित्व योजना को लेकर वार्ड कमेटी बनाने के आदेश दिए।
वार्ड कमेटी में वार्ड का पार्षद या पूर्व पार्षद चेयरमैन होगा। नगर निगम, नगर परिषद या नगर पालिका का एक अधिकारी व दो गणमान्य व्यक्ति उस वार्ड से लिए जाएंगे। चार सदस्यीय यह कमेटी लाल डोरे के अधीन प्रॉपर्टी की पहचान करने और चिह्नित करने का कार्य करेंगी।
जिला नगर आयुक्त ने जिले की सभी नगर परिषद व नगर पालिकाओं को अपने-अपने क्षेत्र में आने वाली लाल डोरे की प्रॉपर्टी के लिए वार्ड कमेटी के गठन के कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिका क्षेत्र में आने वाली लाल डोरे की संपत्तियों की 15 दिन के नोटिस समाचार पत्र के माध्यम से प्रकाशित करवाने को कहा।
उन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स के बिल इसके नोटिस व दावा व आपत्तियों के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची वार्ड में वितरित करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि जहां पर कोई संपत्ति मालिक न मिले, वहां पर प्रॉपर्टी टैक्स का बिल चस्पा कर दिया जाए। इसको आप सार्वजनिक स्थान पंचायत घर या चौपालों में इसके नोटिस चस्पा करवाए ताकि लाभार्थियों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
समाधान शिविर में जिले से आईं 15 शिकायतें : मंगलवार को समाधान शिविर के दौरान जिले से 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर निगम हिसार से 4 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक शिकायत का मौके पर समाधान किया गया। नगर परिषद हांसी से 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। वहीं नगर पालिका नारनौंद, बरवाला व उकलाना में कोई भी शिकायत नहीं आई।
उधर, पशु पकड़ने वाली टीम ने मंगलवार को महाबीर काॅलोनी व संत नगर एरिया से 41 नंदी पकड़कर उन्हें गोअभयारण्य भिजवाया। इस दौरान टीम के साथ पुलिस कर्मचारी भी मौजूद रहे।