हिसार। रोडवेज परिवहन विभाग की ओर से यात्रियों की सुविधा और संचालन को बेहतर बनाने के लिए रोडवेज बसों में ट्रैकिंग सिस्टम लगाने की तैयारी की जा रही है। बस स्टैंड पर महिलाओं के लिए वेटिंग रूम भी बनाए जाएंगे। इसके लिए पहले चरण में हिसार, कुरुक्षेत्र, अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम और करनाल के बस स्टैंड का चयन किया गया है।
बस स्टैंड पर बड़ी डिजिटल स्क्रीन और बसों में ट्रैकिंग सिस्टम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बसों के आगमन और प्रस्थान की लाइव जानकारी यात्रियों को दी जाएगी। इससे उन्हें बसों की वास्तविक स्थिति का निरंतर पता चलता रहेगा। महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग से वेटिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। इस योजना के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय ने सभी डिपो प्रबंधकों से रिपोर्ट मांगी है। प्रदेश में हरियाणा रोडवेज के अधीन 24 मुख्य डिपो और 13 उप-डिपो हैं। इनके माध्यम से हर रोज 4,000 से अधिक बसों का संचालन किया जाता है। रोडवेज की बसें न केवल हरियाणा के भीतर, बल्कि पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित अन्य पड़ोसी राज्यों के प्रमुख शहरों तक सेवाएं प्रदान कर रही हैं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, जींद, सिरसा और फतेहाबाद जैसे प्रमुख डिपो के अंतर्गत टोहाना, डबवाली जैसे उप-डिपो भी संचालित हैं। संवाद
-
हिसार डिपो को अनेक सुविधाओं की जरूरत है। उसके हिसाब से मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। आधुनिक बनाए जाने के प्रयास चल रहे है। ट्रैकिंग सिस्टम बसों में लगाए जाने की तैयारी चल रही है। राहुल मित्तल, महाप्रबंध, रोडवेज डिपो हिसार।