मांग पूरी होने पर मिठाई बांटते वीएलडीडी एकता मंच प्रदेश अध्यक्ष राजेश जांगड़ा, डीन डॉ. जेबी फोग
हिसार। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद हरियाणा सरकार ने निजी संस्थानों में संचालित पशु चिकित्सा पशुधन विकास डिप्लोमा (वीएलडीडी) पाठ्यक्रम की फीस में कटौती कर दी है। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 में छात्रों से वसूली गई अतिरिक्त फीस लौटाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
वीएलडीडी एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष राजेश जांगड़ा ने बताया कि इस मामले में गौरव और राजेश बनाम हरियाणा राज्य सरकार के नाम से याचिकाएं दायर की गई थीं। एडवोकेट श्रद्धाविंदर गोयल ने छात्रों का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा।
पहले राज्य कोटा की फीस 1.80 लाख रुपये और प्रबंधन कोटा की फीस 2.50 लाख रुपये प्रतिवर्ष तय की गई थी। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद अब राज्य कोटा की फीस 1.46 लाख रुपये और प्रबंधन कोटा की फीस 2.15 लाख रुपये प्रतिवर्ष निर्धारित की गई है।
जनता कॉलेज सोनीपत ने सबसे पहले 33,730 रुपये की पहली किस्त लौटाई। वहीं एमआर कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस एंड रिसर्च सेंटर, हसनपुर झज्जर समेत अन्य संस्थानों ने भी दोनों किस्तों सहित 67,430 रुपये लौटाए। इस अवसर पर वीएलडीडी एकता मंच के पदाधिकारियों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।