हिसार। नियाणा गांव के खेत में मिले नीलगाय के कटे पैर के बाद मंगलवार को वन्य प्राणी विभाग की टीम गांव पहुंची और शिकारी का सुराग लगाने के लिए ग्रामीणों से पूछताछ की। वहीं ग्रामीणों ने शिकारी का पकड़वाने वाले को 21 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर दिनेश जांगड़ा ने बताया कि सोमवार देर शाम गांव निवासी रविंद्र कालीरामना ने सूचना दी थी कि खेत में नीलगाय का कटा पैर पड़ा है। मंगलवार को टीम सूचना रविंद्र राणा के घर पहुंची और उनके परिवार से बातचीत की गई। वन्य प्राणी अधिनियम 1972 के तहत नीलगाय के शिकारी को सात साल की सजा का प्रावधान है। वहीं, गांव के रविंद्र ने नीलगाय के शिकारी की सूचना देने वाले को 21 हजार का इनाम देने का एलान किया है।
उधर, अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा के जिला प्रधान एडवोकेट चंद्र सिंह सहारण ने गांव नियाणा में शिकारियों द्वारा नीलगाय की हत्या कर मांस निकालने की निंदा की है।