हांसी। गलत रीडिंग और ज्यादा बिजली बिल देख सुल्तानपुर के ग्रामीणों में रोष है। रविवार को ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राजकीय स्कूल में पंचायत की। अध्यक्षता सातबास खाप के प्रधान बलवान सिंह मलिक ने की। पंचायत में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर 3 दिन के अंदर बिल को दुरुस्त नहीं किया गया तो भुगतान नहीं किया जाएगा और न ही बिजली के मीटर उखाड़ने देंगे।
सात बास खाप के प्रधान बलवान सिंह मलिक की अध्यक्षता में ग्रामीणों ने गांव के ही एक राजकीय स्कूल में पंचायत कर बिजली बिल के मुद्दे पर चर्चा की। मलिक ने कहा कि ग्रामीणों की मांग है कि जल्द बिल को ठीक किया जाए अन्यथा गांव के लोग बिलों का भुगतान रोक देंगे व मामले को लेकर सात बास के तहत आने वाले 11 गांवों के ग्रामीण बैठक कर सख्त कदम उठाएंगे। बिजली विभाग के किसी कर्मचारी को गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा।
पहले इस मामले में दो बार पंचायत हो चुकी है
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बिलों के मामले को लेकर पहले भी दो बार पंचायत हो चुकी है। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। अभी पिछली बार जब गांव में बिजली कर्मचारी बिल की वसूली करने आए थे तो उन्हें बैरंग लौटा दिया था और जब बिजली विभाग के नुमाइंदे गांव में मीटर की रीडिंग लेने आए तो उनको भी गांव वालों ने वापस भेज दिया था। ग्रामीण विभाग के जेई, एसडीओ व कार्यकारी अभियंता से जैसे बिजली विभाग के सभी आला अधिकारियों से संपर्क कर चुके हैं, परंतु परिस्थिति जस की तस बनी हुई है। इस अवसर पर पूर्व सरपंच सुरेंद्र मलिक, नरेश मलिक, राम भगत मलिक, नरेंद्र मलिक, संदीप, दीपू मलिक, देवेंद्र मलिक, राजबीर, सतबीर, रमेश, अमरजीत, सोमबीर मौजूद रहे।
पहले भी गलत बिल दुरुस्त किए हैं, बिल की जांच करवाई जा रही है। सुल्तानपुर गांव में बिजली बिल अधिक राशि के आने के मामले में संबंधित इंचार्ज से रिपोर्ट मांगी गई है। जिन ग्रामीणों के बिजली बिल अधिक राशि के आए हैं उनके बिल को निगम द्वारा दुरुस्त किया जाएगा। ग्रामीणों की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। - सुरेंद्र बुद्धिराजा, एसडीओ, सब अर्बन हांसी