नारनौंद। गांव राजथल में पिछले कई दिनों से बनी बिजली समस्या को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण नगर स्थित बिजली निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को कम वोल्टेज व बार-बार कट लगने की समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पूरे गांव के लोग बिजली घर के बाहर धरना शुरू कर देंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली आने पर भी वोल्टेज बेहद कम रहती है जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। पानी के लिए लगे सबमर्सिबल भी बंद हैं जिससे ग्रामीणों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। रात के समय कूलर और पंखे तक नहीं चल पाते जिससे गर्मी में लोगों का हाल बेहाल है।
ग्रामीण जीता मान, शक्ति मान, जोगिंदर सिंह, संदीप, रोहित चहल, रमेश बिसला, काला चहल, अशोक, राजबीर, कृष्ण, मुख्तयार, मोनू, रमेश, मंजीत और बलजीत ने बताया कि करीब तीन महीने पहले गांव की बिजली लाइन को नारनौंद बिजली घर से हटाकर बुडाना बिजली घर से जोड़ दिया गया था।
इसके बाद से ही गांव में कम वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग उठाई कि गांव की लाइन को दोबारा नारनौंद बिजली घर से जोड़ा जाए ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। ग्रामीणों ने बिजली निगम के एसडीओ प्रदीप हुड्डा से मुलाकात कर समस्या रखी। इसके बाद निगम की ओर से जेई को गांव में भेजकर वोल्टेज की जांच करवाई गई जिसमें वोल्टेज कम पाई गई।
एसडीओ प्रदीप हुड्डा ने बताया कि गांव में पर्याप्त वोल्टेज उपलब्ध करवाने के लिए टेप बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। मंगलवार तक समाधान निकालकर ग्रामीणों की समस्या दूर कर दी जाएगी।