ग्राम सचिव की परीक्षा के नकल मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले में अभी भी कई आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इन्हीं आरोपियों के बारे में पूछताछ व अन्य खुलासे के लिए जिला पुलिस 16 फरवरी को दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेगी।
वहीं मामले में आरोपी सोनीपत निवासी संजय व अन्य तक पहुंचने के लिए पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। दोनों आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस का कहना है कि संजय के घर पर रेड भी की गई, लेकिन संजय वहां से फरार है। वहीं संजय की गिरफ्तारी के बाद ही उसके अन्य साथी का नाम उजागर हो सकेगा। मामले में गिरफ्तार आरोपी अंकित ने रिमांड के दौरान बताया था कि उसने सोनीपत निवासी परीक्षार्थी संजय को आंसर-की उपलब्ध करवाई थी। इसके अलावा एक और आरोपी को भी उत्तर पुस्तिका उपलब्ध करवाई थी।
उल्लेखनीय है कि इस संबंध में जनवरी में डीजीपी ने चंडीगढ़ में हिसार पुलिस के अधिकारियों व कर्मियों की बैठक ली थी। बैठक में उन्होंने मामले को गंभीरता से लेकर जल्द सुलझाने के आदेश दिए थे। उसी दिन चंडीगढ़ के बाद हिसार पुलिस पानीपत में भी अधिकारियों के पास गई थी। वहां भी अधिकारियों ने मामले को लेकर बैठक की थी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर सुझाव दिए थे।