लघु सचिवालय सभागार में मंच पर उपस्थित सफाई आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद सिंह , डीडीपीओ नरेंद्
हिसार। लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में मंगलवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन आजाद सिंह ने कहा कि शिक्षा से ही जीवन में सुधार और तरक्की संभव है। जब तक आप अपने बच्चों को शिक्षित नहीं करेंगे तब तक आपके जीवन में सुधार नहीं आएगा। नशे से दूर रहें और अपने घर में किसी तरह के नशे को प्रवेश न दें। नशा मुक्त परिवार ही खुशहाल परिवार होते हैं।
आजाद सिंह ने कहा कि स्वच्छता के लिए मानसिकता में बदलाव आवश्यक है। सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सरकार की जिम्मेदारी है और संबंधित मामलों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 मार्च से 20 मार्च तक जिले के सभी मंडलों में ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी सरकारी कर्मचारी और उनके परिवार निशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठा सकेंगे। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा और आवश्यकता पड़ने पर एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी और सीटी स्कैन जैसी जांच भी कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सफाई कार्य के दौरान किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को 30 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। कर्मचारी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपनी समस्या दर्ज कर सकते हैं। शिकायत निवारण पोर्टल के माध्यम से प्रतिवर्ष 250 से 300 शिकायतों का समाधान किया जाता है।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और सरकार की हिदायतों के अनुसार सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं।
हरियाणा प्रदेश सफाई कर्मचारी संगठन के प्रधान मुख्यपाल सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की पक्की नियुक्ति और 2100 रुपये के वादे को पूरा किया जाए। उन्होंने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को ई-रिक्शा देने और सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन सुनिश्चित करने की मांग भी दोहराई।