कुलपति केएस खोखर ने वीरवार को रिटायरमेंट के दिन विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में एग्जामिनेशन भवन और एक कीट म्यूजियम का उद्घाटन किया। यह एग्जामिनेशन भवन दो साल पहले ही बनकर तैयार हो गया था, जिसे तभी से इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके उद्घाटन के लिए किसी वीआईपी का इंतजार किया जा रहा था।
कुलपति वीरवार को जाते जाते इसका उद्घाटन कर गए। इसके साथ ही उन्होंने अपने संकाय के स्टॉफ के साथ चाय पी। वे कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर के कीट विज्ञान विभाग में ही वैज्ञानिक थे। इस अवसर पर उनके साथ कुलसचिव डॉ. एमएस दहिया, अनुसंधान निदेशक डॉ. एसएस सिवाच, एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग के डीन एके गोयल, बेसिक साइंस के डीन डॉ. आरके जैन, होम साइंस कॉलेज की डीन डॉ. प्रवीण पूनियां, डीन पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज डॉ. राजबाला ग्रेवाल, विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. आरएस अंतिल, मानव संसाधन प्रबंधन निदेशक डॉ. राम सिंह उपस्थित थे।
कृष्ण गए, कृष्ण आए
एचएयू के कुलपति कृष्ण खोखर के रिटायर होने के बाद कृष्ण पाल कुलपति बन गए हैं। यह अजीब ही संयोग रहा कि एचएयू को कृष्ण के स्थान पर एक बार फिर कृष्ण ही कुलपति मिले हैं।
1 करोड़ 34 लाख से बना था परीक्षा भवन
कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में बना यह भवन दो साल पहले बनकर तैयार हो गया था। इस पर 1.34 करोड़ रुपये की लागत आई थी। इस भवन में सभी संकायों के विद्यार्थी एक साथ बैठकर परीक्षा दे सकेंगे। हॉल में 500 विद्यार्थियों के बैठने की जगह है। परीक्षा संयोजक तथा स्टॉफ के लिए भी दो कक्ष बनाए गए हैं।
कीट म्यूजियम का भी किया उद्घाटन
कुलपति केएस खोखर ने एग्रीकल्चर कॉलेज में कीट विज्ञान म्यूजियम का उद्घाटन भी किया। इस म्यूजियम में लंबे समय से कीटों को इकट्ठा किया जा रहा था, जिनमें फसलों के लिए लाभदायक व नुकसानदायक कीटों सहित अन्य कीट रखे गए हैं। हजारों की तादाद में कीटों वाले इस म्यूजियम का आउटलुक बदलकर म्यूजियम को एक नया रूप दिया गया।
शाम चार बजे तक बैठे ऑफिस में
कुलपति डॉ. केएस खोखर का कार्यकाल वीरवार को खत्म हो गया। वीरवार अपने कार्यकाल के आखिरी दिन वे शाम चार बजे तक अपने ऑफिस में रहे। सुबह से ही उन्हें विदाई देने वालों की लाइन लगी रही। यूनिवर्सिटी में डेढ़ बजे कार्यालय बंद होने के बाद भी कुलपति से मिलने वाले आते रहे।
लंच से नए का स्वागत पुराने को विदाई
शुक्रवार को विश्वविद्यालय में पूर्व कुलपति खोखर का विदाई समारोह को होगा। इस दौरान लंच पार्टी का आयोजन सभी डीन, डायरेक्टर करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि नए वीसी केपी सिंह भी सुबह 10-11 बजे तक विश्वविद्यालय में पहुंच जाएंगे। जिसके बाद वे भी समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम को हौटा की तरफ से भी खोखर के विदाई समारोह और नए वीसी का स्वागत समारोह आयोजित होगा।