बाल महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं छात्राएं। स्रोत : प्रशासन
हांसी। पांच दिन तक बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और हुनर से गुलजार रहा जिलास्तरीय बाल महोत्सव शनिवार को उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हो गया। महोत्सव के मंच पर कहीं देशभक्ति के सुर गूंजे तो कहीं शास्त्रीय संगीत की मधुर प्रस्तुतियों ने समा बांधा। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने समूह गान, एकल शास्त्रीय गायन और क्विज सहित अनेक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम के समापन दिवस की शुरुआत अनूठे अंदाज में हुई। आयोजन को बच्चों के लिए यादगार बनाने के उद्देश्य से महोत्सव में भाग लेने वाले उन बच्चों से दीप प्रज्वलित करवाया गया जिनका जन्मदिन था।
प्रतियोगिताओं में बच्चों ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की तो शास्त्रीय गायन में अपनी संगीत साधना का परिचय दिया। प्रश्नोत्तरी में प्रतिभागियों ने ज्ञान और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश ने कहा कि बाल महोत्सव बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को बाल दिवस पर जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। मंडल स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि कहा कि बच्चों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार अवसर एवं मार्गदर्शन देना जरूरी है। उन्होंने प्रतिभागियों, अभिभावकों, विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों, निर्णायक मंडल, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा समाजसेवियों का आयोजन में सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना और हर अनुभव से सीखना भी बड़ी उपलब्धि है। परिषद भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास और प्रतिभा संवर्धन के लिए ऐसे आयोजन करती रहेगी।