लोहारू। बीकानेर-दिल्ली रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का बहुप्रतीक्षित संचालन 25 सितंबर से शुरू हो रहा है। यह हाईस्पीड ट्रेन लोहारू जंक्शन पर भी रुकेगी, जिससे हरियाणा और निकटवर्ती राजस्थान के सैकड़ों गांवों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह लोहारू जंक्शन पर ट्रेन का स्वागत करेंगे और महेंद्रगढ़ तक का सफर भी तय करेंगे। वे शाम करीब 7 बजे लोहारू पहुंचेंगे। इससे पहले वे बाजार में पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे।
भाजपा नेता राजेश चहड़िया ने बताया कि यह ठहराव सांसद के निरंतर प्रयासों का परिणाम है, जिससे क्षेत्रवासियों को राजधानी दिल्ली के लिए तेज और आरामदायक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। लोहारू रेलवे स्टेशन अधीक्षक (एसएस) जगदीश कुमार ने बताया कि ट्रेन 25 सितंबर को दोपहर 2:20 बजे बीकानेर से रवाना होगी। शाम करीब 7 बजे लोहारू जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन में 4 एसी कोच और एक एसएलआर कोच रहेगा। पूरी ट्रेन एसी युक्त होगी, जिससे यात्रियों को प्रीमियम सफर का अनुभव मिलेगा। ट्रेन को सप्ताह में छह दिन चलाए जाने की संभावना है, लेकिन फिलहाल अंतिम समय-सारणी और किराया सूची रेलवे द्वारा जारी नहीं की गई है। पहली बार वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन लोहारू से होकर गुजरेगी।