हिसार। साइंस विषय की शिक्षिका के तबादले से नाराज जेन एल्फा ने वीरवार सुबह मिलगेट के शिव नगर स्थित राजकीय उच्च विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। विद्यार्थियों ने नारेबाजी कर शिक्षिका पूनम को दोबारा इसी स्कूल में नियुक्त करने की मांग की।
सुबह सात बजे हुए इस घटनाक्रम की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने चार सदस्यीय टीम स्कूल भेजी गई। टीम ने विद्यार्थियों के बयान दर्ज कर रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी है। विद्यार्थियों ने बताया कि स्कूल के एक क्लर्क और पीजीटी शिक्षिका ने उन्हें ताला लगाने के लिए उकसाया था।
विद्यार्थियों के अनुसार बुधवार को दसवीं कक्षा के दो-तीन विद्यार्थियों को बुलाकर स्कूल के गेट की चाबी दी गई। उनसे कहा कि ताला लगाने पर उनकी शिक्षिका वापस स्कूल आ सकती हैं। आरोप है कि तबादला हुई शिक्षिका की सहेली पीजीटी शिक्षिका ने भी विद्यार्थियों को विरोध के लिए उकसाया।
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले स्कूल में कार्यरत शिक्षिका का तबादला बालक गांव के विद्यालय में किया गया था। टीम को दिए बयान पर विद्यार्थियों ने पहले भी ऐसे प्रयास होने की बात कही। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
-
मामले की जांच रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी गई है ताकि संबंधित लोगों के खिलाफ जल्द से जल्द विभागीय कार्रवाई की जा सके। भविष्य में विद्यार्थियों को इस तरह भड़काने और ऐसे मामलों में शामिल करने की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। - राम रतन, डीईओ।
-
हमारा हमेशा प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। स्कूल में जिस भी विषय के शिक्षक की कमी होगी उसे पूरा करने के लिए शिक्षक उपलब्ध करवाए जाएंगे। समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा। नए शिक्षक शुक्रवार से स्कूल ज्वाइंन करेंगे। - जयभगवान, कार्यवाहक प्राचार्य, राजकीय उच्च विद्यालय, शिव नगर।