हिसार। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय ने ब्लॉकस्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की लड़कियों की प्रतियोगिताएं 20 व 21 जुलाई को और लड़कों की प्रतियोगिताएं 22 व 23 जुलाई को आयोजित की जाएंगी। सभी सरकारी, निजी मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध स्कूलों को अपने खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीईओ रामरतन ने बताया कि संबंधित ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) प्रतियोगिताओं के समग्र प्रभारी होंगे, जबकि आयोजन स्थल वाले स्कूलों के प्रमुख आयोजन सचिव की जिम्मेदारी निभाएंगे।
टूर्नामेंट में एथलेटिक्स, बेसबाल, बास्केटबाल, फुटबाल, हैंडबाल, हॉकी, कबड्डी (नेशनल स्टाइल), खो-खो, नेटबाल, सॉफ्टबाल और वॉलीबाल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। आदमपुर ब्लॉक के मुकाबले जीएमएसएसएस आदमपुर मंडी, अग्रोहा के जीएसएसएस कालीरामण, बरवाला के जीएसएसएस सरसोद और हिसार-एक के जीएसएसएस मय्यड़ में होंगे।
हिसार-दो ब्लॉक की प्रतियोगिताएं विकास डिफेंस स्कूल धीरणवास तथा उकलाना ब्लॉक की प्रतियोगिताएं राजीव गांधी खेल स्टेडियम प्रभुवाला में आयोजित होंगी। हांसी-एक, हांसी-दो और नारनौंद के आयोजन स्थलों की सूचना संबंधित डीईओ कार्यालय की ओर से जारी की जाएगी।
पात्रता और नियम
अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ियों की जन्म तिथि 1 जनवरी 2010 या उसके बाद तथा अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों की जन्म तिथि 1 जनवरी 2008 या उसके बाद की होनी चाहिए। खिलाड़ियों को पात्रता फॉर्म, जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पिछले वर्ष की डीएमसी और स्कूल छोड़ने के प्रमाणपत्र की सत्यापित प्रति जमा करनी होगी। जन्म पंजीकरण प्रतियोगिता तिथि से कम से कम पांच वर्ष पूर्व का होना अनिवार्य है। एथलेटिक्स की प्रत्येक स्पर्धा में एक स्कूल से अधिकतम दो खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। आयोजन सचिवों को 26 जुलाई तक खेल परिणाम और व्यय विवरण सहायक शिक्षा अधिकारी (खेल) कुलदीप नैन के कार्यालय में जमा कराना होगा।