हिसार। नेशनल हाईवे 9 पर बाईपास पर रायपुर चौक के पास क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। शुक्रवार रात हुए हादसे में मय्यड़ निवासी संदीप कुमार (32) की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार गांव मय्यड़ निवासी संदीप एक मोबाइल कंपनी के टावर की देखरेख का काम करता था। टावर का संचालन उनके हिस्से था। शुक्रवार को वह कार में सवार होकर हिसार आया था। रात करीब साढ़े 9 बजे गांव लौटते समय रायपुर चौक के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। कार पेड़ से टकराने से एयरबैग भी खुला, मगर संदीप की जान नहीं बच पाई। राहगीरों ने शीशा तोड़कर संदीप को बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल पहुंचााया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा रहे परिवार वालों ने बताया कि संदीप के सीने और पेट में गंभीर चोट आई थी। सदर थाना पुलिस ने भाई सुनील के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। संदीप के दो बच्चे हैं।
युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान
हिसार। कैमरी रोड रेलवे ओवरब्रिज के पास 21 वर्षीय युवक नीरज ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नीरज फाग वाले दिन शुक्रवार को बाइक लेकर घर से निकला था।वह रात को भी घर नहीं आया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरु की तो रेल लाइन पर उसका शव मिला। रेलवे थाना पुलिस शव कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। रेलवे थाना पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया कार्रवाई की है। ब्यूरो