बस की समस्या को लेकर भोजराज के बस स्टैंड पर छात्राओं ने लगाया जाम।
हिसार। बसों की समस्या दूर न होने पर शुक्रवार को छात्राओं के सब्र का बांध टूट गया। लड़कियों के लिए रूट पर चलाई जा रही स्पेशल बड़ी बस को बंद कर मिनी बस चलाने के विरोध में भोजराज के बस स्टैंड पर छात्राओं ने सड़क जाम कर दी। इस दौरान रोडवेज बस समेत अन्य वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब ढाई घंटे तक रास्ता बाधित रहा। इसके बाद पूर्व सरपंच उमेद सिंह के नेतृत्व में छात्राएं रोडवेज महाप्रबंधक डॉ. मंगल सैन से मिलने पहुंचीं। महाप्रबंधक ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि जल्द ही बस चलाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
बता दें, कि हिसार से तोशाम रूट पर छात्राओं के लिए स्पेशल बस चलाई गई थी, मगर कुछ समय पहले इसे बंद कर दिया गया और उसकी जगह पिंक मिनी बस चला दी। मिनी बस में छात्राओं को बैठने के लिए जगह तक नहीं मिल रही है, ऐसे में उन्हें खड़े होकर या निजी वाहनों से सफर तय करना पड़ रहा है। रोजाना हजारों बेटियां पढ़ने के लिए हिसार आती हैं। समस्या को लेकर ग्रामीण पहले भी रोडवेज अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं। शुक्रवार सुबह छात्राओं को गुस्सा फूटा और उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
-
छात्राओं के लिए चलाई स्पेशल बस को बदलकर पिंक मिनी बस शुरू करने से उन्हें बैठने के लिए जगह नहीं मिल पा रही हैं। कई किलोमीटर का सफर खड़े-खड़े तय करने में परेशानी आती है। शुक्रवार को रोडवेज महाप्रबंधक डॉ. मंगल सैन से मिले। उन्होंने जल्द ही बस चलवाने का आश्वासन दिया है। -
उमेद सिंह, पूर्व सरपंच, भोजराज
बस की समस्या को लेकर छात्राएं मिलने आई थीं। भोजराज रूट पर पिंक मिनी बस चल रही है। उसकी जगह बड़ी बस शुरू कर दी जाएगी, ताकि छात्राओं को आने-जाने में कोई परेशानी न हो। -
डाॅ. मंगल सैन, महाप्रबंधक, रोडवेज