फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: उकलाना नगर पालिका चुनाव आज, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी में कड़ी टक्कर

Sun, 10 May 2026 01:56 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। उकलाना नगर पालिका में रविवार को चेयरपर्सन और 15 वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। भाजपा की प्रत्याशी निकिता गोयल और निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। वहीं डॉ. सोनिया बत्रा और नीरू रानी भी चेयरपर्सन पद के लिए मैदान में हैं। कुल 15,507 मतदाता सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
विज्ञापन

भाजपा कैडर और ससुर श्रीनिवास गोयल की वर्षों की मेहनत निकिता के पक्ष में रही है जबकि रीमा सोनी को पिता महेंद्र सोनी की राजनीतिक विरासत और कांग्रेस का समर्थन मिला है। निर्दलीय प्रत्याशी सीमा बतरा चुनाव को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रही हैं। नगर पालिका में कुल 16 वार्ड हैं। इनमें से वार्ड नंबर-7 में उम्मीदवार अभयराम सर्वसम्मति से निर्वाचित होने के कारण वहां वार्ड पार्षद पद के लिए मतदान नहीं होगा। शेष 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 54 उम्मीदवार मैदान में हैं।
पंजाब आबकारी अधिनियम 1914 के तहत उकलाना नगर पालिका क्षेत्र में सभी शराब ठेके, बार और शराब परोसने वाले प्रतिष्ठान मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक बंद रहेंगे। मतगणना 13 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
विज्ञापन


पोलिंग पार्टियां चुनाव सामग्री लेकर बूथों पर पहुंचीं
सभी पोलिंग पार्टियां चुनाव सामग्री लेकर बूथों पर रविवार सुबह पहुंच गईं। सुबह 7 से 8 बजे तक मॉक पोल के बाद मतदान सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक संपन्न होगा। मतदान के बाद सभी ईवीएम को सील कर बीडीपीओ कार्यालय में स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। नगर पालिका के 16 वार्डों में कुल 15,507 मतदाता हैं जिनमें 8,218 पुरुष और 7,289 महिला मतदाता शामिल हैं। वार्ड नंबर-9 में सबसे अधिक 1,212 मतदाता हैं जबकि वार्ड नंबर-16 में सबसे कम 692 मतदाता मतदान करेंगे। निर्वाचन अधिकारी व बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन ने पोलिंग पार्टी को निर्देश दिए कि चुनाव पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा के साथ निभाएं।
आदमपुर और उकलाना में 5-5 नाके लगाए
पुलिस प्रशासन ने चुनाव के मद्देनजर आदमपुर और उकलाना में 5-5 नाके लगाए हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि नाकाबंदी और वाहनों व व्यक्तियों की बारीकी से जांच की जा रही है। हर मतदान केंद्र के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें