फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: हांसी में नशे की ओवरडोज से दो युवकों की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
हांसी(हिसार)। शहर में अलग-अलग क्षेत्रों में नशे की ओवरडोज से दो युवकों की मौत हो गई। इनमें एक शुभम सैनी (25) सोमवार को ही राजस्थान के नशा मुक्ति केंद्र से लौटा था। उसकी बाजू पर सिरिंज लगी थी। वहीं दूसरा युवक रोहित काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसका शव अनाज मंडी में मार्केट कमेटी के बूथों के पीछे खंडहरनुमा दुकान में मिला। दोनों ही युवक नशे के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार शुभम सैनी का शव ढाणी राजू रोड पर कब्रिस्तान के पास मिला। कपड़ों की तलाशी ली तो आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। शुभम दो बहनों का इकलौता भाई था। वह लंबे समय से नशे का आदी था और राजस्थान के सिद्धमुख में नशा मुक्ति केंद्र में उपचार चल रहा था। वह सोमवार को ही घर लौटा था। शाम को घर से बाहर गया और रात में नहीं लौटा। सुबह उसका शव कब्रिस्तान के पास मिला। पुलिस के अनुसार नशे की ओवरडोज से ही उसकी मौत हुई।
वहीं अनाज मंडी में मार्केट कमेटी के बूथों के पीछे खंडहरनुमा दुकान में मिले शव की पहचान रोहित के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी बाजू पर गुदा नाम देख फोटो सोशल मीडिया पर डाली। पहचान होते ही परिजनों को सूचित किया गया। रोहित अविवाहित था और पेंट का काम करता था। सोमवार को काम के लिए महम जाने की बात कहकर निकला और रात को घर नहीं आया।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक रोहित के नशे का आदी होने की जानकारी उसके परिजनों ने दी है। शहर थाने के एसएचओ सदानंद वत्स ने बताया कि शुभम और रोहित के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की जा रही है। दोनों ही युवकों के नशे का आदी होने की जानकारी मिली है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें