हिसार। नई अनाज मंडी में गेहूं उठान कार्य काफी धीमा चल रहा है। मंडी में अभी 80 हजार गेहूं के बैग उठान के लिए रखे हुए हैं। इस धीमी रफ्तार के कारण खरीद से लेकर उठान तक का कार्य प्रभावित हो रहा है। हैफेड ने दो ट्रांसपोर्ट कंपनियों श्री बाला जी और बाला जी कंपनी को उठान के लिए टेंडर दिया है लेकिन संसाधनों की कमी के चलते उठान कार्य में तेजी नहीं आ पा रही है।
मंडी में गेहूं की आवक अब काफी तेज हो गई है। शनिवार को जिले की मंडियों में कुल 526,372.6 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई जिसमें से 256,955.8 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई और 67,173.7 मीट्रिक टन की उठान हो पाई है।
नई अनाज मंडी हिसार में शनिवार को 144,531.9 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई जिसमें से 8,656.6 मीट्रिक टन की खरीद हुई जबकि महज 794.6 मीट्रिक टन गेहूं की उठान हुई है। हिसार मंडी में श्री बाला जी ट्रांसपोर्ट कंपनी को एफसीआई गोदाम तक गेहूं पहुंचाने का जिम्मा दिया गया है लेकिन इस कंपनी के पास गाड़ियों की कमी के कारण उठान कार्य धीमा हो रहा है।
इस कंपनी ने केवल 4 गाड़ियां लगाई हैं। दूसरी ट्रांसपोर्ट कंपनी बाला जी को हिसार से बाहर गेहूं ले जाने का कार्य सौंपा गया है लेकिन इस कंपनी के पास भी सीमित संसाधन हैं। हैफेड अधिकारियों के आदेश के बाद शनिवार को दोनों कंपनियों ने उठान कार्य में तेजी लाई और कुल 7,000 बैग की उठान की जो पहले 5,000 बैग थी। इस कार्य में गाड़ियों की संख्या बढ़ाने के बाद गति आई है। अगर यह रफ्तार बनी रही तो तीन महीने में गेहूं का पूरा उठान कार्य संपन्न हो सकता है।
हैफेड ने दोनों कंपनियों को उठान कार्य तेज करने की सख्त हिदायत दी है। स्टोर कीपर अनिल कुमार ने कहा कि अब यह कार्य और तेज किया जाएगा और आने वाले दिनों में और गाड़ियां लगाई जाएंगी।
वहीं हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष और हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने शनिवार को अनाज मंडी का दौरा कर बारिश के कारण शुक्रवार को भीगे गेहूं और अनाज खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि एफसीआई गोदाम में गेहूं की गाड़ी लगाने के नाम पर सरकारी अधिकारी रिश्वत मांग रहे हैं।