हिसार। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि गृहिणियों का कार्य अन्य सभी प्रकार के कार्यों या व्यवसाय से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। गृहिणियां 24 घंटे और 365 दिन बिना रुके कार्य करती हैं। बच्चों की सफलता के पीछे भी एक मां का बलिदान, त्याग और तप होता है। प्रदेश की महिलाओं को समर्पित हरियाणा सरकार की महिला एवं किशोरी सम्मान व मुख्यमंत्री दुग्ध उपहार योजना के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने यह बात कही।
लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 10वीं कक्षा में प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली नारनौंद की छात्रा उमा की माता मोहिनी मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित थीं। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने जिले की लाभार्थियों को महिला एवं किशोरी सम्मान और मुख्यमंत्री दुग्ध उपहार योजना के तहत सेनेटरी नैपकिन तथा फोर्टिफाइड दूध वितरित किया।
विटामिन ए-डी से युक्त होगा दूध
उपायुक्त ने कहा कि दूध एक संपूर्ण आहार है। यह फोर्टिफाइड दूध प्रोटीन, कैलोरी, मैग्नेशियम, बी-टवेलव, विटामिन-ए व विटामिन डी से युक्त होगा। हिसार में लगभग 59421 लाभार्थियों को इस योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं व दूध पिलाने वाली माताओं को सप्ताह में 6 दिन के लिए 200 मिली प्रति दिन फोर्टिफाइड सुंगधित स्किमड दूध दिया जाएगा। सुगंधित दूध चॉकलेट, गुलाब, इलायची, वनीला, प्लेन और बटरस्कॉच 6 फ्लेवर में दिया जाएगा। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में फ्लेवर मिल्क पाउडर हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ उपलब्ध करवाएगा। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुनीता यादव, डीआईओ एमपी कुलश्रेष्ठ आदि उपस्थित थे।
सोचा नहीं था कि इतना मान-सम्मान मिलेगा : मोहिनी देवी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित मोहिनी देवी ने कहा- उन्हें यकीन नहीं था कि हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन उन्हें इतना मान-सम्मान देगा। आईएएस, एचसीएस और विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित होना उनके लिए अविस्मरणीय पल है, जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगी। यह पल उन्हें उनकी बेटी उमा की वजह से मिला है, इसलिए बेटियों के आगे बढ़ते कदमों को कभी नहीं रोकना चाहिए। गौरतलब है कि नारनौंद के गांव भैणी अमीरपुर की छात्रा उमा ने हरियाणा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में 499 अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था।