हिसार। सीएमएस इन्फो सिस्टम लिमिटेड के चार कर्मचारियों पर एटीएम में डालने के लिए दिए रुपयों में से 16 लाख 59 हजार 500 रुपये कम डालकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। कंपनी मैनेजर ने इस संबंध में मिलगेट थाना पुलिस को दो अलग-अलग शिकायतें दी हैं। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर दोनों मामलों में दो-दो आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-13 निवासी कमलजीत ने बताया कि वह सीएमएस कंपनी में मैनेजर है। उनकी कंपनी ने ढाणी बड़वाली निवासी देवेंद्र, बालसमंद रोड के चंदन नगर निवासी सुनील कुमार को एटीएम में रुपये डालने का काम दिया हुआ था। 15 नवंबर 2019 को बैंक ऑफ बड़ौदा की रेलवे रोड स्थित एटीएम में डालने के लिए 14 लाख रुपये दिए थे। 18 नवंबर 2019 को 10 लाख रुपये दिए थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि 6 जनवरी 2020 को उनकी मेल पर मैसेज आया कि दोनों ने 10 लाख 50 हजार रुपये कम डाले थे। उन्होंने इसकी शिकायत मिलगेट थाने में दी। जांचकर्ता एएसआई शेषकरण के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 406 के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह है दूसरा मामला
पुलिस को दी शिकायत में मैनेजर कमलजीत ने बताया कि सुभाष कुमार और विनोद एटीएम में रुपये डालने का काम करते थे। 2 जून 2020 को कुछ ग्राहकों ने एटीएम में रुपये कम होने की शिकायत की। इसके बाद दोनों के काम की जांच की गई तो 13 जुलाई को जांच में पाया गया कि दोनों आरोपियों ने एटीएम में कुल 6 लाख 9500 रुपये कम डालकर धोखाधड़ी की। दोनों को कार्यालय बुलाया गया, लेकिन वे नहीं आए और फिर फोन ही उठाना बंद कर दिया। उसके बाद मैनेजर ने इसकी शिकायत पुलिस को की। जांचकर्ता एएसआई मनमोहन के अनुसार आरोपी सुभाष और विनोद के खिलाफ धारा 420, 406 के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।